Wrestler Protest: पहलवानों के समर्थन में आज महापंचायत, अनुराग ठाकुर ने पुलिस जांच पर भरोसा करने को कहा
Wrestler Protest: पहलवानों के समर्थन में आज किसान नेता नरेश टिकैट ने महापंचायत बुलाई है। इस महापंचायत में 30-35 खाप हिस्सा ले सकते हैं।

Wrestler Protest: पहलवान पिछले कई दिनों से भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। जिस तरह से दिल्ली पुलिस ने पहलवानों के खिलाफ कार्रवाई की उससे आहत होकर पहलवान हरिद्वार अपने मेडल गंगा में बहाने के लिए पहुंचे। इस बीच स्वास्थ्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने पहलवानों से अपील की है कि वह दिल्ली पुलिस की जांच पर भरोसा रखें और जबतक फैसला नहीं आ जाता है धैर्य रखें।
इस बीच भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैट जिन्होंने मंगलवार को पहलवानों को मेडल गंगा में बहाने से रोका, उन्होंने पहलवानों से कहा कि 5 दिन का समय दीजिए। उन्होंने आज मुजफ्फरनगर में स्थित सौराम गांव में खाप की पंचायत बुलाई है।
नरेश टिकैट ने कहा कि 30-35 खाप के नेता उत्तर प्रदेश, हरियाणा, उत्तराखंड, पंजाब से इस महापंचायत में हिस्सा ले सकते हैं। नरेश टिकैट के इस कदम से माना जा रहा है कि पश्चिम यूपी के भाजपा के नेताओं में नाराजगी है। उन्हें डर है कि इससे इस क्षेत्र में प्रदर्शन बढ़ सकता है। अभी तक प्रदर्शन दिल्ली और हरियाणा तक सीमित रहा है।
नरेश टिकैट ने कहा कि हमारी एक ही मांग है कि बृजभूषण शरण सिंह को गिरफ्तार किया जाना चाहिए। इसके बाद ही हम दूसरे मुद्दों पर बात करेंगे। गौर करने वाली बात है कि बृजभूषण शरण सिंह पर महिला पहलवानों के साथ यौन शोषण का आरोप है।
उनका नाम दो एफआईआर में भी दर्ज है, जिसे दिल्ली पुलिस ने 28 अप्रैल को दर्ज किया है। इसके साथ ही पोक्सो एक्ट के तहत भी एक केस दर्ज किया गया है। एक नाबालिग महिला पहलवान के साथ भी यौन शोषण का आरोप है।
वहीं बृजभूषण शरण सिंह ने एक बार फिर से अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करते हुए इसे गलत बताया है। उन्होंने कहा कि मैं फिर से कह रहा हूं कि अगर मेरे खिलाफ एक भी आरोप साबित हो गया तो मैं अपने आप को फांसी लगा लूंगा। अगर आपके पास सबूत हैं तो कोर्ट में दीजिए, अगर कोर्ट मुझे फांसी पर लटका दे तो मैं उसे स्वीकार करूंगा।












Click it and Unblock the Notifications