पीएम मोदी के लिए 9 करोड़ का स्टेज सजा रहे मजदूर की मौत, मुआवजे का ऐलान
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को आज अपने चुनाव क्षेत्र वाराणसी जाना था लेकिन तेज बारिश के चलते मोदी का यह दौरा एक बार फिर रद्द हो गया। खैर मोदी तो नहीं गए लेकिन डीएलडब्लू ग्राउंड में उनके मंच पर फूल लगा रहे माली की करंट लगने से मौत हो गई।

प्रधानमंत्री मोदी आज DLW ग्राउंड में ही एक रैली को संबोधित करने वाले थे। वे यहां कुछ नई परियोजनाओं का शिलान्यास भी करने वाले थे। आपको बताते चलें कि मोदी को यहां बिजली प्रोजेक्ट का उद्घाटन और बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी में एक ट्रॉमा सेंटर का शिलान्यास करना था।
जानकारी के मुताबिक पीएम मोदी की जनसभा की तैयारी में लगे मज़दूरों में से एक देवनाथ की गेट पर फूल लगाते वक्त करंट लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद उसे तुरंत बगल के DLW के अस्पताल में लाया गया लेकिन वो बचाया नहीं जा सका। देवनाथ पश्चिम बंगाल के मेदिनापुर का रहने वाला था उसके पिता का नाम मदन मन्ना है। उल्लेखनीय है कि पीएम के लिए करीब 9 करोड़ की लागत से यह वाटरप्रूफ मंच बनाया गया था।
तीसरी बार हुआ प्रधानमंत्री का वाराणसी दौरा रद्द
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को एक दिवसीय दौरे पर अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचने वाले थे, लेकिन एक बार फिर बारिश के कारण उनक दौरा रद्द कर दिया गया। प्रधानमंत्री अपराह्न् तीन बजे वाराणसी पहुंचने वाले थे। इससे पहले भी प्रधानमंत्री को 28 जून को भी वाराणसी पहुंचना था, लेकिन ठीक एक दिन पहले वाराणसी में तेज बारिश शुरू हो गई थी। उस वक्त मोदी को डीजल इंजन कारखाना (डीरेका) के मैदान में रैली भी करनी थी, लेकिन पूरे मैदान में पानी भर गया था।
जानें कब-कब हुआ दौरा रद्द
14 अक्टूबर 2014 : साइक्लोन हुडहुड के कारण यूपी के पूर्वांचल इलाके में जाेरदार बारिश हो रही थी। इस वजह से मोदी का दौरा ऐन वक्त पर रद्द कर दिया गया।
28 जून 2015 : इस बार भी बारिश के कारण दौरा रद्द हुआ। जहां रैली होनी थी, वहां काफी पानी भर चुका था।
16 जुलाई : बनारस में बुधवार शाम से लगातार बारिश के कारण फिर दौरा रद्द। इससे बचने के लिए डीएलडब्ल्यू पर ऐसा वॉटरप्रूफ टेंट लगाया गया था जिसके अंदर 30 हजार लोग बैठ सकें।












Click it and Unblock the Notifications