'अखिलेश ने मुझे प्रताड़ित किया, कभी साथ काम नहीं करूंगा'
शिवपाल सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव ने मुझे आहत और प्रताड़ित किया है।
लखनऊ। जिस तरह से यूपी की राजनीति में रविवार को सियासी भूचाल आया है, उसकी कल्पना कोई सपने में भी नहीं कर सकता था। खुद शिवपाल सिंह यादव को भी अंदाजा नहीं था कि उनके भतीजे अखिलेश यादव उन्हें कैबिनेट से ही निकाल बाहर करेंगे।
इस बारे में बात करते हुए शिवपाल सिंह यादव ने टाइम्स ऑफ इंडिया से कहा कि अखिलेश यादव ने बेवजह ही मुझे अपमानित किया है और इसलिए अब साल 2017 में सपा जीत भी जाए ना तो मैं तब भी अखिलेश के लिए काम नहीं करूंगा।
हर चीज की इंतहा होती है और अब पानी सिर से ऊपर उठ गया है। मुझे और अमर सिंह को जबरदस्ती लपेटा गया है जबकि हम दोनों ने सच में पार्टी के खिलाफ या अखिलेश के खिलाफ कभी कुछ नहीं किया लेकिन अब मैं और प्रताड़ना नहीं सह सकता हूं।
गौरतलब है कि रविवार को सीएम अखिलेश यादव ने विधायकों समेत करीब 250 नेताओं के साथ मीटिंग करने के बाद शिवपाल समेत चार मंत्रियों को कैबिनेट से बाहर निकाल दिया।
जिसके बाद मीडिया से मुखातिब हुए उत्तर प्रदेश सरकार से बर्खास्त समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव ने कहा था कि पार्टी मुलायम सिंह यादव के नेतृत्व में अगला चुनाव लड़ेगी और अब सबको मुलायम सिंह के एक्शन का इंतजार है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री व भतीजे अखिलेश यादव द्वारा मंत्रिमंडल से बर्खास्त किए जाने के कुछ ही समय बाद शिवपाल ने मुलायम से मुलाकात की और यह घोषणा की।













Click it and Unblock the Notifications