Women's World Cup 2025: विश्व विजेता बेटियों से मिले पीएम मोदी, वर्ल्ड कप के साथ क्लिक करवाई फोटो
Women's World Cup 2025: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 5 नवंबर, 2025 को भारत की महिला विश्व कप विजेता क्रिकेट टीम से मुलाकात की। इस ऐतिहासिक क्षण की कई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, जिसमें टीम प्रधानमंत्री के साथ बातचीत करती दिख रही हैं। विश्व विजेता बेटियां प्रधानमंत्री के 7, लोक कल्याण मार्ग स्थित आवास पर मिलने पहुंची थीं।
प्रधानमंत्री मोदी ने टीम को इस ऐतिहासिक जीत पर बधाई उन्होंने पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों के जज्बे, संघर्ष और शानदार वापसी की सराहना की। प्रधानमंत्री ने कहा कि शुरुआती हार और सोशल मीडिया पर आलोचनाओं के बावजूद टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन कर खिताब जीता, जो हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण है।

क्रिकेट टीम की कैप्टन हरमनप्रीत कौर ने बताया कि उन्होंने 2017 में भी प्रधानमंत्री से मुलाकात की थी, लेकिन तब टीम ट्रॉफी के बिना गई थी। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, "अब हम ट्रॉफी के साथ आए हैं और उम्मीद है कि आगे भी ऐसे मौकों पर पीएम से मुलाकात होती रहेगी।"

उप-कप्तान स्मृति मंधाना ने कहा कि प्रधानमंत्री हमेशा टीम को प्रेरित करते हैं और उनकी ऊर्जा से हर खिलाड़ी को नई दिशा मिलती है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि आज देश की लड़कियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं, और इसमें प्रधानमंत्री के प्रोत्साहन की अहम भूमिका है।

बता दें दिल्ली में एक दिन पहले भारतीय टीम पहुंची और यहां के होटल में ठहरी हुई है। कुछ वीडियो सामने आए हैं जिसमें सभी प्लेयर्स फॉरमल ड्रेस में अपने होटल से प्रधानमंत्री से मिलने के लिए निकलती हुई नजर आ रही हैं।
भारतीय महिला टीम ने 2 नवंबर को अपना पहला आईसीसी महिला विश्व कप खिताब जीता था, जो देश के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस जीत से पहले, टीम 2005 और 2017 में एक दिवसीय विश्व कप फाइनल हार चुकी थी और 2020 टी20 विश्व कप फाइनल में भी ऑस्ट्रेलिया से हार गई थी।
मैच में भारत ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 298/7 का स्कोर बनाया था। जवाब में, भारतीय गेंदबाजों ने दक्षिण अफ्रीका को 246 रन पर समेट दिया, जिससे टीम ने 52 रनों से जीत हासिल की।












Click it and Unblock the Notifications