मौत बनकर पहुंचे तीन भालू...एक कुल्हाड़ी लेकर तीनों से भिड़ी और पति-भाई को बचा लाई 'दिलेर सबीना'
Karnataka woman save husband and brother: बहादुरी के किस्से-कहानियां आपने खूब सुने-देखे होंगे, लेकिन जो कहानी हम आपको बताने जा रहे हैं, वो एकदम असली है और ऐसी है कि सुनकर आपके भी रोंगटे खड़े हो जाएंगे। दरअसल, एक महिला तीन-तीन खूंखार भालुओं के हमले से अपने पति और भाई को जिंदा बचा लाई।
टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक, मामला कर्नाटक के हावेरी जिले का है, जहां शनिवार को बसवनकट्टी गांव के रहने वाले बसिरसाब सवादत्ती और मुंडागोड गांव के रहने वाले रजाक नालबंद खेत में काम कर रहे थे। बसिरसाब और रजाक आपस में रिश्तेदार हैं।

इन खेतों में अक्सर खाने और पानी की तलाश में भालू आते रहते हैं। शनिवार को भी जब बसिरसाब और रजाक अपने खेत में काम कर रहे थे तो अचानक तीन भालू वहां पहुंचे और दोनों के ऊपर हमला कर दिया। इस दौरान पास वाले खेत में ही बसिरसाब की पत्नी 35 वर्षीय सबीना काम कर रही थी। सबीना ने जब देखा कि उनके पति और भाई पर भालुओं ने हमला कर दिया तो उन्होंने पास ही पड़ी कुल्हाड़ी उठाई और भालुओं की तरफ दौड़ पड़ी।
तीन में से एक भालू मारा गया
सबीना ने वहां पहुंचते ही कुल्हाड़ी से एक भालू पर जोरदार वार किया, जिसे देखकर बाकी दोनों भालू भी पीछे हट गए। तब तक बसिरसाब और रजाक भी संभल चुके थे और दोनों ने खेत में पड़े पत्थर उठाकर भालुओं पर बरसाने शुरू कर दिए। अपने ऊपर चारों तरफ से पलटवार होते देख तीनों भालू मौके से भाग खड़े हुए, जिनमें से एक भालू बाद में थोड़ी दूर एक खेत में मृत मिला।
भालुओं के हमले में बसिरसाब और रजाक को भी गंभीर चोटें आई हैं और दोनों को हुबली के कर्नाटक इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस में भर्ती कराया गया है। अपने पति और भाई को मौत के मुंह से बचाने वालीं सबीना जिले की ही कोनानकेरे ग्राम पंचायत की सदस्य भी हैं। जो भी इस घटना के बारे में सुन रहा है, सबीना की दिलेरी की तारीफ कर रहा है।
'कुछ नहीं सूझा, मैं बस कुल्हाड़ी लेकर दौड़ पड़ी'
घटना के बारे में जब सबीना से बात की गई, तो उन्होंने बताया, 'मेरे पति और भाई पर वो तीनों भालू जिस बुरी तरह से हमला कर रहे थे, उसे देखकर मैं अभी तक सदमे में हूं। मुझे कुछ नहीं सूझा और मैं बस कुल्हाड़ी उठाकर उनकी तरफ दौड़ पड़ी। जिस भालू पर मैंने कुल्हाड़ी से वार किया, वो तुरंत मौके से भाग गया और उसके पीछे-पीछे बाकी दोनों भालू भी भाग गए। शुक्र है कि मेरे पति और भाई की जान बच गई।'












Click it and Unblock the Notifications