टॉयलेट में बच्चे को दिया जन्म, मां ने नवजात को खिड़की से बाहर फेंका, हुई मौत
पश्चिम बंगाल के कोलकाता में महिला ने टॉयलेट में नवजात को दिया जन्म। महिला ने जन्म के बाद बच्चे को टॉयलेट की खिड़की तोड़कर बाहर फेंक दिया। जिसके बाद बच्चे की मौत हो गई। बच्चा 7 माह का था।

कोलकाता के कस्बा इलाके में एक महिला ने एक बच्चे को टॉयलेट में जन्म दिया। चौंकाने वाली बात है कि महिला ने बच्चे को जन्म देने के बाद उसे टॉयलेट की खिड़की से बाहर फेंक दिया। पुलिस ने बताया कि बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उसी दिन उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि महिला की पहचान निकोला स्टैनिस्लॉज के तौर पर हुई है। वह शनिवार शाम 4.30 बजे टॉयलेट गई थी। कुछ स्थानीय लोगों ने खिड़की के कांच के टूटने की आवाज सुनी तो वह घर से बाहर आए, उन्होंने देखा टॉयलेट की खिड़की को महिला ने तोड़ दिया और वहां से कुछ फेंका जोकि नाली में जाकर गिरा।
जब स्थानीय लोग टॉयलेट के करीब गए तो उन्होंने देखा कि नवजात बच्चा नाली में पड़ा है। कस्बा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, जहां महिला के भी रक्तस्त्राव हो रहा था। नवजात की हालत काफी गंभीर थी, जिसके रविवार की सुबह नियो नेटल वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
वहीं मां का दावा है कि उसे पता नहीं था कि वह गर्भवती थी, क्योंकि पिछले कुछ महीने से उसका मासिक धर्म आ रहा था। यहां तक कि निकोला के पति एंडी और परिवार के अन्य सदस्यों को भी गर्भधारण की जानकारी नहीं थी।
निकोला ने बताया कि वह शनिवार की दोपहर टॉयलेट गई तभी उसने एक बच्चे को जन्म दिया। क्योंकि मुझे पता नहीं था कि मैं गर्भवती हूं, बच्चे के जन्म से मैं डर गई और उसे टॉयलेट की खिड़की तोड़कर बाहर फेंक दिया।
इस मामले में पुलिस जांच कर रही है। बता दें कि निकोला और उसके पति जून 2022 से लिवइन रिलेशनशिप में रह रहे थे, दोनों की पिछले साल ही शादी हुई थी। पुलिस ने बताया कि निकोला और उसका पति काफी ज्यादा शराब पीते हैं। निकोला गृहणी है जबकि पति एक इवेंट मैनेजमेंट कंपनी में काम करता है। निकोला मानसिक रूप से ठीक नहीं है, वह पिछले दो-तीन महीनों से बहुत कम बोलती थी। पुलिस ने बताया कि निकोला ने 7 महीने के बच्चे को जन्म दिया था।
डॉक्टरों ने पुलिस को बताया कि बच्चा जब कोख में था तो उसे चोट लगी थी, जिसकी वजह से महिला को रक्तस्त्राव होता था और उसे लगता था कि उसका मासिक धर्म हो रहा है। बच्चे के पोस्टमार्टम में यह बात सामने आई है कि चोट लगने और कुपोषण की वजह से बच्चे की मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि निकोला के पति ने उससे डॉक्टर को दिखाने के लिए कहा था ताकि पता चल सके कि क्या वह गर्भवती है। लेकिन निकोला इसलिए टेस्ट कराने नहीं गई क्योंकि उसका मासिक धर्म हर महीने आ रहा था।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि निकोला ने बच्चे को फेंकने की बात को स्वीकार किया, बल्कि उसने टॉयलेट में कई बाल्टी पानी फेंका ताकि बच्चा नाली में बह जाए। फिलहाल निकोला का इलाज चल रहा है। पुलिस ने आईपीसी की धारा 315 के तहत निकोला के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।












Click it and Unblock the Notifications