अपनी ही सरकार के खिलाफ प्रताड़ना का आरोप लगा फूट-फूटकर रो पड़ीं BJP विधायक, सुनाई दर्द भरी कहानी
भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा में बीजेपी विधायक अपनी ही सरकार के एक मंत्री के खिलाफ प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए फूट-फूटकर रोने लगीं। उन्होंने सदन में कहा कि मेरे पति अभय मिश्रा का एनकाउंटर कराया जा सकता है। उन्हें पुलिस लगातार प्रताड़ित कर रही है। बीजेपी विधायक नीलम मिश्रा ने एमपी के उद्योग मंत्री राजेंद्र शुक्ल पर परेशान करने का आरोप लगाया है। उन्होंने राज्य सरकार से गुजारिश करते हुए सुरक्षा मांगी। इस पर गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह ने विधायक को सुरक्षा का आश्वासन दिया है।

नीलम मिश्रा सेमरिया से विधायक हैं। पहले उन्होंने अपनी ही सरकार को सदन में घेरा और फिर आसंदी के सामने धरना देकर बैठ गयीं। वो फूट-फूट कर रोयीं। इसके चलते विधानसभा की कार्रवाई 10 मिनट के लिए स्थगित करनी पड़ी। मिश्रा का आरोप है कि खनिज का मुद्दा उठाने की वजह से उनके पति को गिरफ्तार किया गया और पूरे परिवार को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है। बता दें कि भाजपा विधायक नीलम मिश्रा ने दो दिन पहले ही रीवा रेंज के आईजी उमेश जोगा को पत्र लिखकर आरोप लगाए हैं कि रीवा एसपी स्थानीय मंत्री के दबाव में काम कर रहे हैं, मेरे पति का कभी भी एनकाउंटर हो सकता है।
एसपी को समझाएं कि वह मंत्री की चापलूसी बंद करें। मंत्री ने स्थानीय प्रशासन के दबाव में खुद के जान-माल के नुकसान ही संभावना जताई है। बता दें कि विधायक के पति अभय मिश्रा कुछ महीने पहले ही भाजपा से नाता तोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए थे। इसके बाद से ही कयास लगाए जा रहे थे कि नीलम मिश्रा भी भाजपा का साथ छोड़ सकती हैं।












Click it and Unblock the Notifications