ग्रेटर नोएडा: चलती कार में लगी आग, महिला और बच्चे की जलकर दर्दनाक मौत
चलते-चलते कार में लगी आग, महिला और ढाई साल के बेटे संग जलकर दर्दनाक मौत
नोएडा। ग्रेटर नोएडा में चलती कार में अचानक लगी आग से महिला और उसके ढाई साल के बेटे की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कार में साथ सफर कर रहा मृतका का ससुर गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। घटना रविवार देर रात की है। बताया जा रहा है कि कार में आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी, जिस समय आग लगी तीनों ग्रेटर नोएडा से फरीदाबाद जा रहे थे। पुलिस ने बताया है कि ग्रेटर नोएडा के रबुपुरा में कार में लगी आग से 28 साल की महिला और उसका ढाई साल के बेटे की जलकर मौत हो गई जबकि कार में मौजूद तीसरा शख्स गंभीर रूप से जल गया है।

पुलिस ने बताया है कि मदनपाल सिंह रविवार को अपनी बहू और पोते के साथ अपने रिश्तेदारों से मिलने ग्रेटर नोएडा आए थे। रात करीब 11 बजे वो फरीदाबाद के लिए लौट रहे थे। उनकी गाड़ी जब फलेदा गाव के पास से गुजर रही थी तो अचानक ही उसमें आग लग गई, आग ने इतनी जल्दी कार को अपनी चपेट में लिया कि तीनों को कार से बाहर आने का मौका ही नहीं मिला। पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक महिला और बच्चा दम तोड़ चुके थे। मदनपाल को पुलिस ने गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।












Click it and Unblock the Notifications