संसद का शीतकालीन सत्र 25 नवंबर से होगा शुरू, कई अहम बिलों पर हंगामा होने के आसार
संसद का शीतकालीन सत्र 25 नवंबर से शुरू होकर 20 दिसंबर तक चलेगा। इस दौरान कई महत्वपूर्ण विधेयकों पर चर्चा होनी है। खास तौर पर वन नेशन-वन इलेक्शन और वक्फ बिल पर भी चर्चा होने की उम्मीद है। हालांकि, इन विधेयकों पर भारी हंगामा होने के आसार है।
वन नेशन-वन इलेक्शन रिपोर्ट को कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद इसे इसी सत्र में पेश किया जाएगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, विपक्षी दलों ने वन नेशन-वन इलेक्शन के प्रस्ताव पर अपनी असहमति व्यक्त की है, तथा पूरे देश में एक साथ चुनाव कराने के विचार का विरोध किया है।

इस असहमति के कारण सत्र के दौरान तीखी बहस हो सकती है। इसके अतिरिक्त, संविधान की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर 26 नवंबर को सेंट्रल हॉल में एक संयुक्त संसदीय सत्र आयोजित किया जा सकता है। इसके अलावा वक्फ विधेयक पर गठित जेपीसी संसद के शीतकालीन सत्र में अपनी रिपोर्ट पेश कर सकती है।
गृह मंत्री अमित शाह ने हाल ही में कहा था कि वक्फ (संशोधन) विधेयक 2024 को इस सत्र में पारित किया जाएगा। इस विधेयक को लेकर सांसदों में और भी हंगामा होने की आशंका है। 18वीं लोकसभा का पहला मानसून सत्र 22 जुलाई से 9 अगस्त तक चला।
इस दौरान बारह विधेयक पेश किए गए, जिनमें से चार सफलतापूर्वक पारित हो गए। इनमें वित्त विधेयक 2024 और विनियोग विधेयक 2024 जैसे प्रमुख विधेयक शामिल थे। इतना ही नहीं, विनियोग विधेयक 2024, जम्मू और कश्मीर विनियोग विधेयक 2024 और भारतीय वायुयान विधेयक शामिल था।












Click it and Unblock the Notifications