क्या चंद्रयान-3 लॉन्च में शामिल होंगे पीएम मोदी? इसरो चीफ ने दिया जवाब
Chandrayaan-3 Launch: भारत के चंद्रयान-3 मिशन का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। चंद्रयान-3 शुक्रवार (14 जुलाई) दोपहर 2:35 बजे उड़ान भरेगा। इसरो के डायरेक्टर एस सोमनाथ की अगुवाई में आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन स्पेस सेंटर से इसे लॉन्च किया जाएगा।
ऐसे में चंद्रयान-3 लॉन्च में पीएम मोदी शामिल होंगे? इसरो प्रमुख एस सोमनाथ ने इसका जवाब दिया है।

इतिहास रचने को तैयार भारत
भारत का चंद्रयान-3 मिशन इतिहास रचने को तैयार है। शुक्रवार को लॉन्चिंग से पहले मिशन प्रोग्राम की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है। इस बार पहले के मिशन की तुलना में प्रक्षेपण के लिए ज्यादा ईंधन, सुरक्षा संबंधी उपाय और बड़े लैंडिंग क्षेत्र को शामिल किया गया है।
टाइम कर लें नोट
चंद्रयान-3 प्रक्षेपण इस शुक्रवार को दोपहर 2:35 बजे निर्धारित है, जिसमें लैंडर और रोवर सहित अंतरिक्ष यान, प्रणोदन (आगे चलाना) मॉड्यूल (propulsion module) पर लगा हुआ है, जो अपनी चंद्रमा की यात्रा पर निकलने के लिए तैयार है।
जानिए मिशन का मकसद?
चंद्रयान-3 मिशन का मकसद चंद्रमा की सतह पर सॉफ्ट लैंडिंग के बाद चंद्र भूविज्ञान और पर्यावरण का पता लगाना है। मालूम हो कि चंद्रमा पर सफलतापूर्वक उतरने का यह भारत का दूसरा प्रयास है। इससे पहले सॉफ्टवेयर में गड़बड़ी के चलते सितंबर 2019 में चंद्रयान-2 की क्रैश-लैंडिंग हो गई थी।
कई बदलाव किए
वहीं चंद्रयान-3 मिशन को लेकर इसरो प्रमुख एस सोमनाथ ने कहा कि मिशन की तैयारियां लगातार आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष यान की हाई स्पीड से उतरने की क्षमता को बढ़ाया है, बिजली उत्पादन क्षमता में सुधार किया है, और अतिरिक्त सेंसर के माध्यम से दबाव, भटकाव और घूर्णन को संभालने की अपनी क्षमता को मजबूत किया है। इस बार रोवर में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
लॉन्चिंग में शामिल होंगे पीएम मोदी?
चंद्रयान-3 के लॉन्चिंग में शामिल होने को लेकर इसरो प्रमुख ने खुलासा किया कि चंद्रमा पर महत्वाकांक्षी मिशन के प्रक्षेपण का गवाह बनने के लिए कई गणमान्य व्यक्तियों को निमंत्रण भेजा गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि हम सभी को आमंत्रित करते हैं। यह उन पर छोड़ दिया गया है। हालांकि इसकी पुष्टि होना अभी बाकी है। बता दें कि पीएम मोदी साल 2019 में चंद्रयान -2 मिशन में शामिल हुए थे।












Click it and Unblock the Notifications