क्या मिनी माथुर की हो सकती है इंडियन आइडल में वापसी, एक्ट्रेस ने दिया दिलचस्प जवाब
नई दिल्ली, 08 जून। सोनी टीवी पर लोकप्रिय सिंगिग शो इंडियन आइडल लगातार चर्चा में बना हुआ है। जिस तरह से हाल ही में चैनल पर पर किशोर कुमार के बेटे अमित कुमार आए थे और उन्होंने शो के गायकों की गायकी पर सवाल खड़े किए थे उसको लेकर काफी विवाद हुआ था। इंडियन आइडल शो की शुरुआत 2004 में पहली बार हुई थी। पहले शो की एंकरिंग अमन वर्मा और मिनी माथुर ने की थी। मिनी माथुर ने शो को 6 सीजन तक होस्ट किया था। इस समय शो को आदित्य नारायण होस्ट कर रहे हैं। वहीं जब मिनी माथुर से इस बारे में पूछा गया कि क्या वह शो को फिर से होस्ट करते हुए कभी नजर आएंगी तो उन्होंने इसका दिलचस्प जवाब दिया है।

शो को फिर से होस्ट करने के सवाल पर दिया जवाब
मिनी माथुर ने कहा कि वह एक बार फिर से शो को कतई होस्ट करने की इच्छुक नहीं हैं। उन्होंने कहा कि अगर आपको मौका मिलता है तो क्या आप फिर से शो को होस्ट करना चाहेंगी तो मिनी माथुर ने कहा कि मैंने इसे जन्म दिया, अब यह वयस्क हो गया है, अब इस शो को उड़ान भरने दीजिए। एक बार फिर से बच्चे को संभालना नहीं चाहती हूं। कुछ समय पहले मिनी माथुर ने इंडियन आइडल के साथ जुड़ी अपनी पुरानी याद को ताजा करते हुए भावुक हो गई थीं।

साझा की पुरानी याद
मिनी माथुर ने इंस्टाग्राम पर स्टोरी साझा करते हुए लिखा कि मैं इस नए इंटरनेशल फॉर्मेट को होस्ट करने की तैयारी कर रही थी और इस शो में काफी भावुक तरही से मैं जुड़ गई थी। क्योंकि अपने आप में यह इस तरह का पहला शो था, एकदम ताजा, सच्चा। किसी भी तरह का दिखावा नहीं था। किसी भी तरह का मजाक या जबरदस्ती का बदलाव नहीं किया गया। पहली बार दर्शक शो में वोट कर रहे थे और विजेता की जीत में उनकी भूमिका थी। यही नहीं मिनी माथुर ने अपने पुराने साथी और शो के होस्ट हुसैन कुंजारवाला की भी तारीफ की, साथ ही जज सोनू निगम, फराह खान, अलीशा चिनाय, जावेद अख्तर, उदित नारायण, अनु मलिक की भी तारीफ की।

अमित कुमार विवाद
गौर करने वाली बात हाल ही में अमित कुमार और सुनिधि चौहान ने कहा था कि शो के मेकर्स जबरदस्ती प्रतियोगियों की तारीफ कराते हैं। टीआरपी के लिए ऐसा किया जाता है। किशोर कुमार के बेटे अमित कुमार ने तो शो के बाद कहा था कि उन्हें गायकों की गायकी खास पसंद नहीं आई, लेकिन उनसे इनकी तारीफ करने के लिए कहा गया तो मैंने कर दी। इस बयान के बाद काफी विवाद हुआ था, हालांकि सोनू निगम ने अमित कुमार का बचाव किया था। लेकिन एक बार फिर से शो में नया विवाद जुड़ गया है।

शनमुख प्रिया की गायकी पर सवाल
दरअसल एक एपिसोड के दौरान शनमुख प्रिया ने चुरा लिया है तुमने गाया। इस गाने को फिल्म में आशा भोसले ने गाया था। लेकिन शनमुख ने जिस अंदाज में यह गाना गाया वह लोगों को पसंद नहीं आया। इससे नाराज सोशल मीडिया पर लोगों ने शनमुख प्रिया की क्लास लगा दी। शो में जिस तरह से प्रतियोगियों के पारिवारिक बैकग्राउंड को दिखाकर भावुक करने की कोशिश की जाती है उसकी भी अक्सर सोशल मीडिया पर आलोचना होती है और लोग कहते हैं कि बेहतर हो कि गायकी पर ध्यान दिया जाए नाकि प्रतियोगी के बैकग्राउंड पर।












Click it and Unblock the Notifications