क्या नहीं लग पाएगा मुंबई में बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री का दिव्य दरबार? जानिए क्या है विवाद
Dhirendra Krishna Shastri News: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर और कथावाचक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने ट्विटर पर वीडियो जारी कर कहा है कि 18 मार्च को मुंबई के मीरा रोड में उनका दिव्य दरबार लगने वाला है।

Dhirendra Krishna Shastri Mumbai News: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर और कथावाचक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को लेकर विवाद थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने की बात करने वाले धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री अब महाराष्ट्र मुंबई में होने वाले अपने कार्यक्रम को लेकर सुर्खियों में हैं।
18 मार्च और 19 मार्च को मुंबई में धीरेंद्र शास्त्री का दिव्य दरबार लगने वाला है। इसको लेकर महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रमुख नाना पटोले ने विरोध जताया है और मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को चिट्ठी लिखकर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का कार्यक्रम ना कराने को कहा है। आइए जानें आखिर क्या है पूरा विवाद?

'महाराष्ट्र में अंधविश्वास फैलाने वालों के लिए जगह नहीं है'
महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रमुख नाना पटोले ने सीएम एकनाथ शिंदे को पत्र लिखते हुए कहा, '' बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री का 18 और 19 मार्च को मुंबई से सटे मिरा रोड इलाके में कार्यक्रम होने जा रहा है। इस कार्यक्रम को करने की अनुमति ना दी जाए। महाराष्ट्र एक प्रोग्रेसिव राज्य है, इस राज्य में अंधविश्वास फैलाने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। धीरेंद्र शास्त्री ने हमारे जगत गुरु संत तुकाराम महाराज का अपमान किया है। उन्होंने लाखों वारकरी समुदाय के लोगों को ठेस पहुंचाई है। इसलिए उनको अनुमति देना मतलब अंधविश्वास को बढ़ावा देना होगा। इसलिए मेरा निवेदन है कि धीरेंद्र शास्त्री के कार्यक्रम को अनुमति ना दी जाए।''

नाना पटोले के पत्र पर शिंदे के विधायक ने दिया जवाब
महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रमुख नाना पटोले के इस पत्र पर फिलहाल सीएम एकनाथ शिंदे ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। लेकिन शिवसेना (शिंदे गुट) की विधायक गीता जैन ने नाना पटोले के पत्र के जवाब में सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया।
वीडियो जारी कर गीता जैन ने कहा, ''मुझे लगता है कि बागेश्वर धाम के संत तुकाराम पर दिए जिस बयान से वारकरी संप्रदाय आहत हुआ था, उसपर धीरेंद्र शास्त्री ने माफी मांग ली है। इसलिए इस बात को खत्म कर देना चाहिए।'' उन्होंने कहा, संत तुकारामजी के गांव के लोग जब उन्हें वेडा तुक्या यानी पागल कहते थे तो संत तुकारामजी हाथ जोड़कर उन्हें माफ कर देते थे।

वीडियो जारी कर धीरेंद्र शास्त्री ने मुंबई कार्यक्रम के बारे में बताया
बागेश्वर धाम के अधिकारिक ट्विटर हैंडल पर 16 मार्च की दोपहर धीरेंद्र शास्त्री का एक वीडियो शेयर किया गया, जिसमें मुंबई के कार्यक्रम की जानकारी दी गई है। वीडियो को शेयर कर लिखा गया, ''शुभ संदेश...पूज्य सरकार (धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री) द्वारा... पूज्य सरकार का महा दिव्य दरबार और दिव्य दर्शन मुंबई के मीरा रोड में होना तय हुआ है आप सभी सादर आमंत्रित है...।''
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री वीडियो में कहते हैं, 18 मार्च को मुंबई के मीरा रोड में दिव्य दरबार लगने वाला है और 19 मार्च को दिव्य दर्शन होंगे।












Click it and Unblock the Notifications