Delhi: कमरे में मिला कांस्टेबल की पत्नी और दो बच्चों का शव, आत्महत्या का शक
दक्षिणी दिल्ली में रविवार को एक सनसनीखेज घटना घटी, जहां 27 वर्षीय महिला और दो बच्चे अपने घर में मृत मिले। महिला के पति नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो में एक कांस्टेबल हैं। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक सुबह 10.30 बजे किशनगढ़ थाने में मुनिरका गांव में एक महिला द्वारा अपने घर में आत्महत्या करने की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची। शवों का पंचनामा करवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, साथ ही वहां से सबूत इकट्ठा किए गए।

घटना पर पहुंचे एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि घर की चौथी मंजिल पर स्थित कमरे का दरवाजा अंदर से बंद पाया गया। अग्निशमन विभाग के जवानों ने उसको तुरंत तोड़ा। वहां का निरीक्षण करने पर तीन शव मिले। जिसमें एक महिला और दो बच्चों के हैं। वो गद्दे पर पड़े थे।
तीनों शवों की पहचान वर्षा शर्मा, उनके चार और ढाई साल के दो बच्चों के रूप में की गई है। तीनों मृतकों की कलाइयों पर तेज चोटें थीं। एफएसएल और क्राइम टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पूछताछ करने पर पता चला कि वर्षा ने 2017 में जगेंद्र शर्मा से शादी की थी। शर्मा नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो में कांस्टेबल के रूप में काम करते हैं।
अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। वहां पर सबूत इकट्ठा किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा, लेकिन वो हर एंगल से जांच कर रहे। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
इंद्रपुरी इलाके में भी मिला युवक का शव
वहीं दूसरी ओर राजधानी दिल्ली के इंद्रपुरी इलाके में एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक पीसीआर को इलाके में दुर्गंध की खबर मिली थी। जब जांच टीम वहां पहुंची, तो एक 23 साल के लड़के का शव मिला। वो मकान के मलबे में दबा था। प्रारंभिक जांच में पता चला कि जर्जर इमारत उसके ऊपर गिर गई थी, जिस वजह से उसकी मौत हो गई। हालांकि परिवार की ओर से उसके लापता होने की खबर नहीं दी गई थी।












Click it and Unblock the Notifications