आखिर क्यों अलगाववादी नेता शब्बीर शाह को किया गया गिरफ्तार?
नई दिल्ली। कश्मीर के अलगाववादी नेता शब्बीर शाह को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार की रात को गिरफ्तार कर लिया है। शब्बीर शाह के खिलाफ तकरीबन 12 साल पुराना काले धन को वैध बनाने का मामला चल रहा है। उनपर आरोप है कि वह पाकिस्तान से हवाला ऑपरेटरों के जरिए कश्मीर में आतंकवाद को बढ़ावा देने के लिए चंदा लेते हैं।

ईडी ने बताया की उनको श्रीनगर से गिरफ्तार किया गया है और कल तक उनको दिल्ली लाया जाएगा। यहाँ पर उनकी दिल्ली की एक कोर्ट के सामने पेशी कराई जाएगी। शाह की गिरफ्तारी के ठीक एक दिन पहले एनआईए ने हुर्रियत के 7 नेताओं को कश्मीर में पत्थर बाजी को बढ़ावा देने के आरोप में गिरफ्तार किया था। इन नेताओं में सईद अली शाह गिलानी के दामाद भी शामिल हैं।
गिरफ्तार करने के पहले ईडी ने शाह को 8 बार पेशी पर बुलाया लेकिन अपना पक्ष ईडी को बताने के लिए वह एक बार भी नहीं पहुंचे। शाह के खिलाफ ईडी ने दिल्ली की एक कोर्ट से गैर जमानती वारंट निकलवाया है और उसी के मुताबिक उन्हें गिरफ्तार किया गया है। शाह के ऊपर पाकिस्तान से चंदा लेने का आरोप पहली बार तब लगा जब दिल्ली पुलिस द्वारा पकड़े गए एक हवाला ऑपरेटर ने शाह को 2.25 करोड़ रुपए देने की बात कबूली थी। हालाँकि इस पूरे मुद्दे पर शाह का कहना है कि उनको राजनीतिक कारणों की वजह से जबरन फसाया जा रहा है। ईडी ने शाह के खिलाफ मनी लॉन्डरिंग करने का आपराधिक मुकदमा दर्ज किया है।












Click it and Unblock the Notifications