अभिजीत दीपके के पिता पर अब लगा बड़ा आरोप, कमाई पर उठे सवाल, शिकायत दर्ज कराने वाले ने जो कहा आप भी जान लीजिए
NEET परीक्षा धांधली को लेकर सुर्खियों में आई कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दीपके की मुश्किलें अब बढ़ने वाली हैं। सूरत के एक आरटीआई (RTI) कार्यकर्ता अमित तिवारी ने अभिजीत दीपके के पिता भगवानराव दीपके की संपत्ति की जांच कराने के लिए महाराष्ट्र सरकार से शिकायत की है। सवाल यह उठाया गया है कि एक मामूली सरकारी कर्मचारी अपने बच्चे को अमेरिका में महंगी पढ़ाई कैसे करवा सकता है?
इसके साथ ही वरिष्ठ वकील और राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल द्वारा CJP को दिए गए 1 करोड़ रुपये के लीगल फंड और इस संगठन के कानूनी वजूद पर भी गंभीर सवाल खड़े किए गए हैं। फिलहाल ये आरोप हैं और इनकी किसी एजेंसी ने पुष्टि नहीं की है। अब देखना होगा कि संबंधित संस्थाएं इन शिकायतों पर क्या फैसला लेती हैं।

RTI एक्टिविस्ट ने किन-किन एजेंसियों से की शिकायत?
सूरत के RTI एक्टिविस्ट अमित तिवारी ने इस पूरे मामले को लेकर तीन अलग-अलग संस्थाओं के पास शिकायत भेजी है। उन्होंने चुनाव आयोग (ECI), केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड (CBIC) और महाराष्ट्र सरकार से अलग-अलग मुद्दों पर कार्रवाई की मांग की है।
अमित तिवारी का कहना है कि अगर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) राजनीतिक दल की तरह काम कर रही है और सार्वजनिक तौर पर आर्थिक सहयोग या डोनेशन स्वीकार कर रही है, तो उसे जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 29A के तहत पंजीकरण कराना चाहिए। उनका दावा है कि बिना रजिस्ट्रेशन राजनीतिक गतिविधियों और फंड जुटाने की प्रक्रिया की जांच होनी चाहिए।
₹60-65 हजार की सैलरी में अमेरिका की पढ़ाई कैसे?
सबसे बड़ा सवाल अभिजीत दिपके के पिता भगवानराव दिपके की आय को लेकर उठाया गया है। शिकायत में कहा गया है कि वे महाराष्ट्र इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (MIDC) में जूनियर इंजीनियर रहे हैं।
अमित तिवारी का कहना है कि अगर उनकी मासिक आय करीब ₹60,000 से ₹65,000 थी, तो परिवार ने बच्चों की अमेरिका में पढ़ाई का खर्च कैसे उठाया। उन्होंने महाराष्ट्र सरकार से मांग की है कि इस पहलू की जांच की जाए। अगर जांच में आय से अधिक संपत्ति या खर्च का मामला सामने आता है, तो कानून के मुताबिक कार्रवाई हो।
हालांकि अभी तक महाराष्ट्र सरकार की ओर से इस शिकायत पर कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। इसी तरह अभिजीत दिपके या उनके परिवार की ओर से भी इन आरोपों पर कोई आधिकारिक जवाब सामने नहीं आया है।
₹1 करोड़ के लीगल फंड पर भी उठे सवाल
अमित तिवारी ने वरिष्ठ वकील और राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल द्वारा CJP प्रदर्शनकारियों की कानूनी मदद के लिए घोषित ₹1 करोड़ के फंड का भी जिक्र किया है।
उन्होंने CBIC से शिकायत करते हुए कहा है कि इस फंड की प्रकृति की जांच की जाए और यदि कानून के तहत लागू होता हो तो उस पर GST सहित अन्य कर नियमों की समीक्षा की जाए। फिलहाल यह उनकी शिकायत का हिस्सा है। इस पर टैक्स अधिकारियों की ओर से कोई निर्णय या टिप्पणी सामने नहीं आई है।
NEET आंदोलन से शुरू होकर पीएम को गाली देने तक का आरोप
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि CJP का यह आंदोलन अब अपनी मूल दिशा से भटक चुका है। शुरुआत में यह आंदोलन युवाओं के हित के लिए था, लेकिन बाद में इसका इस्तेमाल राजनीतिक एजेंडे और निजी हमलों के लिए किया जाने लगा।
अमित तिवारी ने कहा,
"हम अपने बुजुर्गों का सम्मान करते हैं। जब तक आप CJP आंदोलन चला रहे थे और NEET मामले पर विरोध दर्ज करा रहे थे, तब तक सब ठीक था। लेकिन आंदोलन के बीच में आपने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां के लिए गंदी भाषा का इस्तेमाल शुरू कर दिया। उनके विदेशी नेताओं के साथ रिश्तों पर भी बेहद घटिया टिप्पणी की गई। हमने इन सभी बातों के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है, क्योंकि यह पूरी तरह गलत है।"
फिलहाल पूरा मामला शिकायत और जांच की मांग तक सीमित है। किसी भी एजेंसी ने अभी तक आरोपों की पुष्टि नहीं की है और न ही किसी तरह की कार्रवाई की घोषणा की है। इसलिए इस खबर को आरोपों और शिकायतों के संदर्भ में ही देखा जाना चाहिए।
अब नजर इस बात पर रहेगी कि चुनाव आयोग, CBIC और महाराष्ट्र सरकार इन शिकायतों पर क्या कदम उठाती हैं और क्या अभिजीत दिपके या CJP की ओर से कोई विस्तृत प्रतिक्रिया सामने आती है।


Click it and Unblock the Notifications
