किसान आंदोलन के बीच राहुल गांधी क्यों गए विदेश, कांग्रेस के दिग्गज नेता ने किया खुलासा
आखिर अचानक विदेश के लिए रवाना क्यों हुए राहुल गांधी? दिग्गज कांग्रेस नेता ने बताई वजह...
नई दिल्ली। Rahul Gandhi foreign visit. किसान आंदोलन के बीच कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के विदेश दौरे को लेकर सियासी घमासान मच गया है। दरअसल, कृषि कानूनों के खिलाफ इस समय दिल्ली की सीमाओं पर किसानों का आंदोलन चल रहा है और रविवार को राहुल गांधी विदेश रवाना हो गए। इसके बाद भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी को निशाने पर ले लिया। भाजपा ने कहा कि राहुल गांधी किसानों की हमदर्दी के नाम पर केवल दिखावा कर रहे हैं। भाजपा के हमले पर अब कांग्रेस के दिग्गज नेता और पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने जवाब देते हुए राहुल गांधी के विदेश जाने की वजह बताई है।

केसी वेणुगोपाल ने क्या बताया
इस मामले पर मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने बताया, 'राहुल गांधी अपनी नानी से मिलने के लिए विदेश गए हैं। क्या ऐसा करना गलत है? सभी को निजी यात्राओं पर जाने का अधिकार है। इस मुद्दे पर भाजपा निचले स्तर की राजनीति कर रही है। भाजपा के नेता राहुल गांधी को लेकर बयानबाजी कर रहे हैं क्योंकि वो केवल एक नेता पर ही निशाना साधना चाहते हैं।'

इटली के मिलान शहर गए हैं राहुल गांधी!
इससे पहले रविवार को कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने राहुल गांधी की विदेश यात्रा को लेकर जानकारी दी। रणदीप सिंह सुरजेवाला ने बताया कि राहुल गांधी एक छोटी निजी यात्रा पर विदेश जा रहे हैं और कुछ दिन में लौट आएंगे। सुरजेवाला ने हालांकि यह नहीं बताया कि राहुल गांधी विदेश में कहां जा रहे हैं, लेकिन सूत्रों ने बताया कि राहुल इटली के मिलान शहर के लिए रवाना हुए हैं।'

भारत में राहुल गांधी की छुट्टी खत्म- गिरिराज सिंह
आपको बता दें कि राहुल गांधी के विदेश जाने को लेकर सबसे पहले केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने उनके ऊपर निशाना साधा। गिरिराज सिंह ने रविवार को ट्वीट करते हुए कहा, 'भारत में राहुल गांधी की छुट्टी खत्म हो गई है, आज वह इटली वापस चले गए।' वहीं, इसके बाद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी ट्वीट करते हुए राहुल गांधी के ऊपर तंज कसा। शिवराज सिंह चौहान ने कहा, 'कांग्रेस इधर अपना 136वां स्थापना दिवस मना रही है और राहुल जी ‘9 2 11' हो गए।'












Click it and Unblock the Notifications