जब मुस्कुराते हुए राहुल गांधी और पीएम मोदी ने मिलाया हाथ
नई दिल्ली। करीब दो दिनों पहले नेशनल हेराल्ड मामले पर पीएमओ पर एजेंडा चलाने का आरोप लगाने वाले कांग्रेस पार्टी के उपाध्यक्ष राहुल गांधी का आमना-सामना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हुआ।

माहौल के साथ बदला अंदाज
गुरुवार को एनसीपी प्रमुख और पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद पवार के 75वें जन्मदिन के मौके पर दोनों लोग आमने-सामने थे। माहौल बदला था तो दोनों के बीच की तल्खी के अंदाज भी बदले हुए नजर आ रहे थे।
एक-दूसरे को देखकर दोनों मुस्कुरा रहे थे और फिर दोनों ने एक-दूसरे के साथ हाथ भी मिलाया। पिछले कुछ दिनों से संसद का माहौल बदला हुआ है और हंगामे की वजह से अहम बिल जीएसटी पर चर्चा ही नहीं हो पा रही है।
मंच पर पीएम मोदी और राहुल साथ-साथ
गुरुवार को शरद पवार के जन्मदिन के मौके पर आयोजित समारोह के दौरान एनसीपी नेता प्रफुल्ल पटेल ने राहुल के साथ ही भाजपा शासित महाराष्ट्र और राजस्थान के मुख्यमंत्रियों देवेंद्र फडणवीस और वसुंधरा राजे को ग्रुप फोटो के लिए मंच पर बुलाया।
उस समय राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वहां पर मौजूद थे।
समारोह समाप्त होने के बाद प्रधानमंत्री जैसे ही वहां से जाने लगे राहुल ने उनसे नमस्ते कहा और उसके बाद दोनों ने हाथ मिलाए।
क्या खत्म होगा संसद में गतिरोध
मई 2014 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद ऐसे मौके कम ही आए हैं, जब राहुल गांधी से उनका आमना-सामना हुआ है। लेकिन इस हाथ मिलाने के साथ ही संसद के अंदर का गतिरोध खत्म हो जाएगा इसकी उम्मीदें कम ही हैं।












Click it and Unblock the Notifications