'मैं भावुक हो जाता हूं...', इस कार्यकर्ता ने ऐसा क्या किया कि PM मोदी ने तस्वीर शेयर कर सुनाई कहानी
PM Narendra Modi News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार (04 जनवरी) को तमिलनाडु के दौरे पर थे। उसी दौरान चेन्नई एयरपोर्ट पर उनका स्वागत करने पहुंचे एक कार्यकर्ता की कहानी सुन, पीएम मोदी भावुक हो गए। पीएम मोदी ने इस रोचक घटना को ट्विटर पर भी शेयर किया है।
असल में चेन्नई एयरपोर्ट पर पीएम मोदी का स्वागत करने के लिए पहुंचा ये शख्स सोमवार को ही जुड़वा बच्चों का पिता बना है। लेकिन बच्चों से मिलने के बजाए वह पीएम मोदी के स्वागत के लिए एयरपोर्ट पहुंचा था।

पीएम मोदी ने ट्वीट करते हुए युवा कार्यकर्ता की सराहना की और कहा कि, यह देखकर खुशी होती है" कि पार्टी के पास ऐसे समर्पित कार्यकर्ता हैं।
पीएम मोदी ने कहा- मैं भावुक हो जाता हूं....
पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा, 'एक बहुत ही खास बात हुई है, चेन्नई एयरपोर्ट पर, हमारे कार्यकर्ताओं में से एक असवंत पिजाई जी मेरा स्वागत करने के लिए वहां आए थे। उन्होंने मुझे बताया कि उनकी पत्नी ने हाल ही में जुड़वा बच्चों को जन्म दिया है, लेकिन वह अभी तक उनसे नहीं मिले हैं। मैंने उन्हें बताया कि वह उन्हें अपने परिवार के साथ होना चाहिए था और वहां समय देना चाहिए था।''
पीएम मोदी ने आगे कहा, "यह देखकर खुशी होती है कि हमारी पार्टी में इतने समर्पित कार्यकर्ता हैं। हमारे कार्यकर्ताओं का ऐसा प्यार और स्नेह देखकर मैं भावुक हो जाता हूं।"
पीएम मोदी का ये ट्वीट वायरल हो गया है। इस पर लोग प्रतिक्रिया देते हुए लिख रहे हैं कि पीएम मोदी की यही खासियत है कि वो छोटे कार्यकर्ताओं से भी मिलते हैं और उनकी बातों को सोशल मीडिया पर सबके सामने रखते हैं।
चेन्नई में पीएम मोदी ने एक सार्वजनिक कार्यक्रम को संबोधित किया, जहां उन्होंने पिछले साल चेन्नई बाढ़ के दौरान कुप्रबंधन के लिए सत्तारूढ़ डीएमके सरकार की आलोचना की। उसके बाद पीएम मोदी कलपक्कम में एक परमाणु ऊर्जा संयंत्र का भी दौरा किया जहां बिजली उत्पादन के संबंध में अहम प्रक्रिया शुरू हुई है।












Click it and Unblock the Notifications