कांग्रेस और आम आदमी पार्टी में हुई सीटों की डील से क्यों नाराज हैं मुमताज पटेल?
Gujarat Bharuch Lok Sabha seat: लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच सीट शेयरिंग पर पिछले कई दिनों से चल रही बातचीत फाइनल हो गई है।
शनिवार को कांग्रेस और 'आप' की तरफ से सीट बंटवारे का आधिकारिक ऐलान भी कर दिया गया, जिसमें गुजरात की भरूच और भावनगर लोकसभा सीट आम आदमी पार्टी के हिस्से में गई हैं।

हालांकि, सीट बंटवारे के ऐलान के साथ ही कांग्रेस में नाराजगी के सुर भी उभरने लगे है और सोनिया गांधी के राजनीतिक सलाहकार रहे अहमद पटेल की बेटी मुमताज पटेल ने गुजरात की भरूच सीट को लेकर अपनी नाराजगी दिखाई।
कांग्रेस के खाते में भरूच सीट ना आने के बाद मुमताज पटेल ने ट्वीट कर लिखा कि, गठबंधन में भरूच लोकसभा सीट सुरक्षित नहीं कर पाने के लिए मैं हमारे जिला कैडर से माफी मांगती हूं। मैं आपकी निराशा को समझ सकती हूं। हम सब मिलकर कांग्रेस को मजबूत बनाने के लिए फिर से संगठित होंगे। हम अहमद पटेल की 45 साल की विरासत को व्यर्थ नहीं जाने देंगे।
दरअसल, सीटों के बंटवारे में गुजरात की भरूच लोकसभा सीट आम आदमी पार्टी के हिस्से में गई है। भरूच वो लोकसभा सीट है, जहां से अहमद पटेल चुनकर संसद जाते थे। ऐसे में अहमद पटेल की बेटी मुमताज पटेल ने कहा है कि भरूच सीट आम आदमी पार्टी को देने के इस फैसले से कांग्रेस के कार्यकर्ता बहुत दुखी और निराश हैं।
'राहुल गांधी ने जताया था भरूच पर ऐतराज'
मुमताज पटेल ने कहा, 'हमें उम्मीद थी कि आम आदमी पार्टी के साथ बातचीत में भरूच सीट कांग्रेस के पास ही रहेगी, लेकिन जैसे ही ये सीट 'आप' के पास जाने का फैसला आया, पार्टी के कार्यकर्ता निराश और दुखी हो गए। हमें ये भी पता चला कि खुद राहुल गांधी ने भरूच सीट आम आदमी पार्टी को देने पर ऐतराज जताया था।'
फैसल अहमद ने भी लगाई कांग्रेस से गुहार
मुमताज पटेल ने आगे कहा, 'हमें अभी भी उम्मीद है कि ये सीट कांग्रेस को मिलेगी। परंपरागत रूप से ये कांग्रेस की ही सीट है। आम आदमी पार्टी यहां गठबंधन करना चाहती हैं, क्योंकि उन्हें कांग्रेस के सपोर्ट की जरूरत है।' मुमताज पटेल के अलावा, अहमद पटेल के बेटे फैसल अहमद सहित कई पार्टी नेताओं ने भी शीर्ष नेतृत्व से गुहार लगाई है कि भरूच सीट से कांग्रेस का ही उम्मीदवार उतारा जाए।
भरूच से 7 बार सांसद रहे अहमद पटेल
इससे पहले गुरुवार को भी मुमताज पटेल ने अपने एक्स (ट्विटर) पर एक पोस्ट लिखी थी। इस पोस्ट में मुमताज पटेल ने कहा कि उनके पिता ने उन्हें आखिरी दम तक लड़ने की सीख दी थी। आपको बता दें कि भरूच लोकसभा सीट से अहमद पटेल सात बार सांसद के तौर पर चुने गए थे। हालांकि पिछले कई महीनों से इस बात की चर्चा थी कि कांग्रेस इस सीट से मुमताज पटेल या फैसल पटेल को टिकट देगी लेकिन गठबंधन में अब इस सीट से आम आदमी पार्टी अपना उम्मीदवार उतारेगी।












Click it and Unblock the Notifications