‘मैं BJP की कठपुतली नहीं, आज पार्टी साथ,कल दूर हो सकती है ’, कंगना रनौत क्या छोड़ने वाली हैं पार्टी?
कंगना रनौत एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं। मंडी से BJP सांसद कंगना ने साफ कहा है कि वह पार्टी की 'कठपुतली' नहीं हैं। उन्होंने यह भी कहा कि BJP आज उनके साथ खड़ी है, लेकिन यह जरूरी नहीं कि कल भी ऐसा ही हो। कंगना ने अपनी राजनीतिक पहचान के साथ अपनी फिल्मी पहचान को भी सामने रखा। उन्होंने कहा कि राजनीति में आने के बाद भी उनकी अपनी आवाज और करीब दो दशक पुराना फिल्मी करियर खत्म नहीं हुआ है।
कंगना रनौत ने ये बातें दूरदर्शन को दिए एक इंटरव्यू में कहीं। उनसे पूछा गया था कि वह जो बयान देती हैं, उन्हें निजी राय माना जाए या BJP के आधिकारिक रुख के तौर पर देखा जाए। इस सवाल के जवाब में कंगना ने पार्टी से अपने रिश्ते और अपनी स्वतंत्र सोच, दोनों पर खुलकर बात की।

'पार्टी से दूर नहीं जाना चाहती, लेकिन अपनी आवाज भी नहीं छोड़ूंगी'
कंगना ने कहा कि उनका इरादा पार्टी लाइन से जानबूझकर अलग जाने का नहीं होता। लेकिन कई बार जब किसी मुद्दे पर बहुत ज्यादा शोर हो रहा हो तो अपनी बात लोगों तक पहुंचाने के लिए उन्हें भी जोर से बोलना पड़ता है। कंगना रनौत ने कहा,
"मैं अपनी पार्टी से अलग होने की कोशिश नहीं करती। लेकिन जब चारों तरफ बहुत शोर हो तो अपनी बात सुनाने के लिए आवाज ऊंची करनी पड़ती है। इसलिए कभी-कभी मेरे बयान काफी कड़े हो जाते हैं। मेरा मकसद पार्टी की सोच से जानबूझकर टकराना नहीं है। लेकिन अगर कभी ऐसा हो भी जाए तो यह समझना जरूरी है कि मैं किसी की कठपुतली नहीं हूं।"
इसके बाद कंगना ने अपनी राजनीतिक स्थिति को लेकर एक और बात कही। "BJP आज मेरे साथ है, लेकिन हो सकता है कि कल वह मेरे साथ न हो। मैं दो साल से सांसद हूं, लेकिन एक एक्ट्रेस के तौर पर मेरी पहचान करीब 20 साल पुरानीॅॅ है।"
कंगना रनौत बोलीं- 'मेरी पहचान सिर्फ सांसद की नहीं'
कंगना रनौत ने कहा कि संसद की सदस्यता उनकी पहचान का सिर्फ एक हिस्सा है। उनका कहना है कि अगर वह किसी मुद्दे पर बोलना चाहती हैं तो मीडिया उनकी बात सुनने के लिए उनके पास आता है। उन्होंने कहा, "मेरी बात रखने के लिए मुझे किसी पद की जरूरत नहीं है। अगर मैं कुछ कहना चाहती हूं तो प्रेस मेरे आसपास आकर मेरी बात सुनेगा। हो सकता है कि मैं किसी दिन व्यक्तिगत तौर पर वहां मौजूद न रहूं, लेकिन मेरे विचार खत्म नहीं हो जाएंगे।"
कंगना ने BJP के साथ अपने रिश्ते को भी स्वाभाविक बताया। साथ ही उन्होंने माना कि उनके कुछ बयानों से पार्टी को कभी-कभी परेशानी हुई होगी। उन्होंने कहा कि वह अभी राजनीति में नई हैं और लगातार सीख रही हैं। यही वजह है कि उनके बयानों को पार्टी और उनकी निजी राय के बीच संतुलन के संदर्भ में देखना अहम है।
अगले 10 साल राजनीति या फिल्मों में? कंगना रनौत ने दिया साफ जवाब
कंगना से जब अगले 10 साल की योजना को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कोई तय जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा कि मौजूदा दौर में इतनी अनिश्चितता है कि यह बताना मुश्किल है कि वह भविष्य में खुद को किस भूमिका में देखेंगी।
क्या वह किसी बड़े राजनीतिक पद तक पहुंचना चाहती हैं? या फिर फिल्मों में पूरी तरह लौटेंगी? कंगना ने दोनों संभावनाओं को खुला रखा। मंडी से अगले चुनाव में टिकट कटने के डर पर भी उन्होंने कहा कि उन्हें इसकी चिंता नहीं है। उनका कहना है कि अब उनकी सोच व्यक्तिगत फायदे से आगे बढ़ चुकी है।
कंगना ने कहा,
"अब मैं सिर्फ अपने बारे में नहीं सोचती। कई मुद्दों पर बोलती हूं और समाज और दूसरे लोगों के हित को भी देखती हूं। लेकिन मुझे यह डर नहीं है कि अगर राजनीति में मेरा सफर रुक गया तो मेरी पहचान खत्म हो जाएगी।"
कंगना ने यह भी साफ किया कि राजनीति उनके लिए उनकी पूरी पहचान नहीं है। उन्होंने खुद को फिल्ममेकर और लेखिका बताया और कहा कि उन्हें अपना काम आज भी पसंद है। उनका दावा है कि फिल्म इंडस्ट्री में आज भी कई निर्देशक उनके साथ काम करना चाहते हैं। कंगना ने कहा,
"मैं अभी भी बहुत से डायरेक्टर्स की पसंदीदा एक्ट्रेस हूं। कई लोग मेरा इंतजार कर रहे हैं और मुझसे पूछते हैं कि मैंने इंडस्ट्री से दूरी क्यों बना ली।" उन्होंने यह भी कहा कि बड़े प्रोडक्शन हाउस के साथ काम करने के मौके उनके पास पहले भी आए हैं, लेकिन उन्होंने खुद कई ऑफर ठुकराए हैं।''
अवॉर्ड शो से भी बनाई दूरी, बोलीं- 100 तक फोन आते थे
कंगना ने अवॉर्ड फंक्शन्स को लेकर भी पुराना अनुभव साझा किया। उन्होंने कहा कि एक दौर में उन्हें लगातार फोन आते थे। वजह यह थी कि उनकी फिल्मों और अभिनय को लेकर अवॉर्ड देने वाली संस्थाओं पर भी दबाव रहता था।
उनके मुताबिक, "एक समय मुझे करीब 100 फोन तक आते थे। मेरी फिल्मों की वजह से ऐसा माहौल बन गया था कि अगर मुझे बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड नहीं दिया जाता तो आयोजकों को जवाब देना पड़ता था।"
कंगना ने दावा किया कि कुछ पब्लिकेशन्स के CEO तक उनसे मिलने घर पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि उनसे अवॉर्ड समारोह में शामिल होने की अपील की गई थी और यहां तक कहा गया कि उनके नहीं आने से आयोजकों की नौकरी पर असर पड़ सकता है।
खान-कुमार की हीरोइन बनने से बेहतर, उम्र के हिसाब से रोल क्यों?
फिल्मों में वापसी को लेकर कंगना ने एक और दिलचस्प बात कही। उन्होंने 'थलाइवी' का उदाहरण दिया। इस फिल्म में उन्होंने तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जे जयललिता का किरदार निभाया था। कंगना के मुताबिक, इस तरह के रोल उनकी मौजूदा उम्र और व्यक्तित्व के लिए ज्यादा फिट हैं।
उन्होंने कहा, "मेरे लिए ऐसे किरदार ज्यादा सही हैं जिनमें उम्र, अनुभव और व्यक्तित्व की गंभीरता काम आती है। इसलिए मुझे लगता है कि किसी खान या कुमार के साथ सिर्फ हीरोइन बनने से बेहतर है कि मैं अपनी उम्र के मुताबिक मजबूत किरदार निभाऊं।" यह बयान उनके फिल्मी करियर को लेकर सोच को भी साफ करता है। वह अब खुद को सिर्फ पारंपरिक बॉलीवुड हीरोइन की भूमिका तक सीमित नहीं रखना चाहतीं।
'भारत भाग्य विधाता' के बाद अब 'क्वीन 2' पर नजर
कंगना आखिरी बार अपनी प्रोडक्शन फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' में नजर आई थीं। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी। उनकी पिछली बड़ी थिएटर हिट 2019 की 'मणिकर्णिका: द क्वीन ऑफ झांसी' रही। फिल्म ने दुनियाभर में करीब 142 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। अब कंगना की अगली बड़ी फिल्म 'क्वीन 2' है। यह 2014 में रिलीज हुई उनकी चर्चित फिल्म 'क्वीन' का सीक्वल है।


Click it and Unblock the Notifications
