क्यों पड़ रही इतनी गर्मी? 73 साल बाद सबसे लंबी हीटवेव, अलवर में 48 घंटे में 9 लोगों की मौत
Heatwave India: देश में आसमां से अंगारे बसर रहे हैं। 73 साल बाद सबसे लंबी हीटवेव चली है। राजस्थान के अलवर में तो गर्मी की वजह से बीते 48 घंटे में 9 लोगों की मौत हो गई। इस बार इतनी गर्मी क्यों पड़ रही है? इस सवाल के जवाब में जयपुर मौसम केंद्र निदेशक राधेश्याम शर्मा ने कई वजह बताई है।
वन इंडिया हिंदी से बातचीत में राधेश्याम शर्मा कहते हैं कि साल 2024 की गर्मी ने पिछले कई दशक का रिकॉर्ड तोड़ दिया। मई-जून में तो हर तरफ लू चलती दिखी है। इस बार भीषण गर्मी पड़ने की एक नहीं बल्कि कई वजह हैं। इनमें सबसे बड़ी वजह हवाओं का रुख है, जो न केवल निचले स्तर बल्कि वायुमंडल में पांच किलोमीटर ऊपर तक का भी देखना पड़ता है।

साल 2024 में अधिक गर्मी के 5 कारण
- पश्चिमी विक्षोभ का कम आना
- प्रशांत महासागर में अल नीनो
- क्लाइमेंट का चेंज होना
- बढ़ता प्रदूषण
- वायुमंडलीय बदलाव
घड़ी घूमने की दिशा में चली हवाएं
जयपुर मौसम केंद्र निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार साल 2024 के मई और जून में हवाएं घड़ी घूमने की दिशा में चली हैं, जिससे हाई प्रेशर बना है और लू चली हैं। कई जगहों पर तापमान बढ़कर 50 डिग्री तक पहुंच गया है। हवाएं पश्चिम से पूर्व की ओर चलती रहती तो सामान्य गर्मी पड़ती। वैसे तो हवाओं के घूमने की दिशा हर साल बदलती रहती है, मगर जब क्लॉक वाइज डायरेक्शन की हवा के साथ अन्य कारण भी जुड़ जाते हैं तो वो भीषण गर्मी की वजह बन जाते हैं।
हीटवेव ने तोड़ा 73 साल का रिकॉर्ड
देश के उत्तर पश्चिमी राज्यों का आधा से ज्यादा हिस्सा हीटवेव की चपेट में है। इस बार बीते 33 दिन में ही हीटवेव ने तो बीते 73 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। साल 1951 के बाद लू के सबसे लंबे मौसम का सामना इस बार ही करना पड़ा है। इसी वजह मानसून की सुस्ती भी है। कई राज्यों में तापमान 45 से 46 डिग्री रिकॉर्ड हो रहा है। दिल्ली में जून में मंगलवार को 13 साल बाद सबसे गर्म रात दर्ज हुई है।












Click it and Unblock the Notifications