अब सिख युवाओं को ललचाने में लगा है हिजबुल मुजाहिदीन
हिजबुल मुजााहिदीन अब सिखों के लिए एक नया संगठन करने की तैयारी में हैं। इसके अलावा पाकिस्तान भी उसकी इस साजिश में उसे पूरा समर्थन दे रहा है।
श्रीनगर। पिछले तीन माह से अशांति और हिंसा की आग में झुलस रही कश्मीर घाटी के लिए एक और बुरी खबर इंतजार में है। यहां पर अब हिजबुल मुजाहिदीन खास तौर पर एक ऐसे संगठन को तैयार करने में लगा है जिसमें सिर्फ सिख युवाओं को ही जगह दी जाएगी।

क्या कहा जाकिर राशिद भट्ट ने
जाकिर राशिद भट्ट जो कि बुरहान वानी की मौत के बाद इस संगठन का नया कमांडर बना है, उसने अपने एक वीडियो के जरिए इस ओर इशारा किया है।
भट्ट इस वीडियो में कहता नजर आ रहा है, 'हमारे सिख भाईयों से हम फरियाद करते हैं कि वह हिजबुल मुजाहिदीन में शामिल हो। हम सिखों के लिए एक नया संगठन बनाने की तैयारी कर रहे हैं।'
खालिस्तान आंदोलन को जिंदा करने की कोशिश
भट्ट का यह वीडियो 1.38 मिनट का है। हिजबुल का यह नया वीडियो जब से आया है तब से ही अधिकारी इसमें मौजूद संदेश का विश्लेषण करने में लगे हुए हैं।
इस वीडियो से एक बात तो साफ है कि भट्ट का इशारा खालिस्तान आंदोलन को फिर से जिंदा करने की तरफ था। भट्ट, खालिस्तान आंदोलन को हिजबुल के लिए बड़े मौके में तब्दील करने को बेकरार है।
क्या हुआ था पंजाब में
आपको बता दें कि पंजाब में जब खालिस्तान आंदोलन की वजह से सिख आतंकवाद को खत्म करने के लिए जो ऑपरेशन चलाया गया, उसमें बब्बर खालसा और खालिस्तान जिंदाबाद बल के कई नेता पाकिस्तान चले गए थे। इन सभी को उस समय से ही आईएसआई ने पनाह दी और पाला-पोसा।
क्या सोचती है आईबी
राशिद ने अपने वीडियो में यह बात भी कही है कि कई सिखों ने उससे कहा कि वह उन्हें हिजबुल मुजाहिदीन में जगह दे।
इंटलीजेंस ब्यूरों (आईबी) के अधिकारियों की मानें तो हिजबुल मुजाहिदीन अब एक ऐसे मंच को तैयार करने की कोशिश में है जिसके जरिए सिखों को कश्मीर में लाया जाए और फिर उनकी लड़ाई को आगे बढ़ाया जाए।
पंजाब में खलल डालने की तैयारी
हिजबुल पंजाब में खासतौर पर सिखों के लिए एक संगठन को तैयार करने की योजना बना रहा है। आईबी अधिकारी की मानें तो हिजबुल का यह संदेश उस समय पर आया है जब पंजाब में चुनावों की तैयारियां जोरों पर हैं।
कुछ माह पहले ही पंजाब में आईएसआई समर्थित ऐसी कई गतिविधियां देखी गईं जिनमें पंजाब में सांप्रदायिक तनाव को बढ़ाने की साजिश की गई थी। आईएसआई पंजाब में चुनावों में बाधा डालने के लिए सिख चरमपंथियों को मैदान में उतार सकती है।
कनाडा और लंदन में तैयारी
आईबी अधिकारियों को उन बातचीत का ब्योरा भी मिला है जिसमें लंदन और कनाडा में सिख चरमपंथियों को बड़ी आर्थिक मदद देने के बारे में बातें की गई हैं।
अधिकारी यह भी कहते हैं कि हिजबुल मुजाहिदीन का नया कमांडर इस समय नब्ज टटोल रहा है। अधिकारियों के मुताबिक पाकिस्तान की ओर से भारत में सिख चरमपंथियों को दाखिल करने की कई कोशिशें भी की जा रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications