Kolkata Case: आखिर क्यों ट्रेंड कर रहे IPS सज्जनार? क्या कोलकाता केस से है कोई कनेक्शन?
IPS officer VC Sajjanar: कोलकाता मामला दिन ब दिन तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले के पेंच उलझते ही जा रहे हैं। मामले में प्रिंसिपल संदीप घोष खूब चर्चा में हैं। उनपर कई तरह के संगीन आरोप लगे हैं। इस बीच इस मामले के साथ-साथ वीसी सज्जनार की भी जोरों-शोरों से चर्चा है। सोशल मीडिया पर लोग उनकी जमकर तारीफ कर रहे हैं। ऐसा क्यों, चलिये जानते हैं।
साल 2019 का हैदराबाद रेप कांड तो आपको याद ही होगा। महिला वेटरनरी डॉक्टर के साथ बलात्कार और फिर उनकी हत्या के इस मामले ने जबरदस्त तूल पकड़ा था। चार आरोपियों पर महिला की हत्या का आरोप था। इस दौरान पुलिस ने एनकाउंटर में सबको ढेर कर दिया था।

इस पूरे मामले में एक नाम खूब सुर्खियों में रहा था। ये नाम था आईपीएस अधिकारी वीसी सज्जनार का। पुलिस की जिस टीम ने चारों आरोपियों को मौत के घाट उतारा था, उस टीम को सज्जनार ही लीड कर रहे थे। ऐसे में तब उनकी खूब चर्चा हुई थी। अब जब कोलकाता रेप मामला तूल पकड़ता जा रहा है और मामले की गुत्थी उलझी हुई है, तो आईपीएस अफसर सज्जनार सुर्खियों में हैं।
दरअसल, कोलकाता मामले में सीबीआई जांच जारी है। मामले में अभी तक संजय राय को ही आरोपी बनाया गया है। वहीं प्रिंसिपल संदीप घोष पर भी तलवार लटक रही है। इंसाफ की आस लगाने वाले लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही इस मामले के सभी दोषी सामने आएंगे और उन्हें सख्त से सख्त सजा होगी।
इस बीच IPS अधिकारी वीसी सज्जनार की खूब चर्चा है, जिन्होंने हैदराबाद में हुए एनकाउंटर को अंजाम दिया था। ऐसे में लोग सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीर शेयर करके कह रहे हैं कि ऐसा ही अधिकारी इस वक्त भी चाहिए, जो अपराधियों को उनके किए की सजा दिला सके।
सोशल मीडिया पर लोग आईपीएस अधिकारी सज्जनार की तस्वीरों को शेयर कर रहे हैं। कई लोग इस फोटो को रीशेयर भी कर रहे हैं और कह रहे हैं कि इस अधिकारी ने अपना कर्तव्य अच्छी तरह निभाया, जिसने सभी आरोपियों को ढेर करवा दिया।
हालांकि बताते चलें कि तब पुलिस के एनकाउंटर पर तमाम तरह के सवालिया निशान भी खड़े हुए थे। कोर्ट की एक बेंच ने भी इस एनकाउंटर को फर्जी बताया और ये भी सवाल खड़े किये कि पुलिस ने एनकाउंटर को लेकर फर्जी कहानी गढ़ी है। इस पूरे मसले को लेकर हैदराबाद पुलिस की काफी तौहीन हुई थी।
क्यों मशहूर हुए थे सज्जनार?
पुलिस ने इस पूरे मसले के बारे में बात करते हुए बताया कि अपराध स्थल पर आरोपियों ने हथियार छीनने की कोशिश की। इसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने गोलियां चलाईं और अपराधियों को मार गिराया। इस मुठभेड़ के बाद सज्जनार मशहूर हो गए और उन्हें हीरो माना जाने लगा।












Click it and Unblock the Notifications