जानिए चीन की सीमा पर भारत क्यों बना रहा है 'विवादों की सड़क'?
बेंगलौर। भारत-चीन के बीच नया विवाद अरूणाचल प्रदेश की सीमा में बनने वाली सड़क को लेकर शुरू हुआ है। चीन ने अरुणाचल प्रदेश की सूदूरवर्ती सीमा पर सड़क बनाने की भारत की योजना पर आपत्ति जताई है। साथ ही चीन ने भारत को आंख दिखाते हुए आगाह किया कि सीमा को लेकर भारत कोई ऐसा कदम नहीं उठाये, जिससे दोनों देशों के संबंधों में मतभेद आए। लेकिन भारत अपने निर्णय को लेकर काफी अडिग दिख रहा है। केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने चीन को कड़ी प्रतिक्रिया दी और कहा कि भारत को कोई धमकी नहीं दे सकता है। भारत एक सुपरपॉवर देश है।

गौरतलब है कि, भारत ने चीन से लगने वाली अपनी विवादस्पद सीमा पर लगभग 1,800 किलोमीटर लंबी सड़क बनाने का फैसला किया है। अरुणाचल प्रदेश के तवांग से लेकर म्यंमार के पास भारत-चीन सीमा तक प्रस्तावित इस सड़क पर लगभग 6.5 अरब डॉलर की लागत आएगी। लेकिन चीन का कहना है कि जब तक सीमा विवाद खत्म नहीं होती, हमें आशा है कि भारत इसे और जटिल नहीं बनाएगा।
बहरहाल, जानिए क्यों बना रहा है भारत यह सड़क, जिस पर चीन की चिंता खत्म होने का नाम ही नहीं ले रही।
- इस सड़क के बनने से इस क्षेत्र के किसानों को अपनी फसल और पहाड़ों पर पाई जाने वाली ढ़ेर सारी जड़ी बूटियो को पड़ोस के असम राज्य के बाजारों तक लाने में बहुत मदद मिलेगी।
- यह सड़क अरूणाचल प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्र में रहने वाले पहाड़ी समुदाय के लोगों को मुख्य प्रदेश या यूं कह लें कि मुख्य धारा से जोड़ेगा। जिससे वे अब तक वंचित थे।
- अरूणाचल प्रदेश से आने वाले भारत के गृह राज्य मंत्री किरण रिजिजू के मुताबिक, इससे यहां रहने वाले दूर-दराज के लोगों को आर्थिक विकास में बहुत मदद मिलेगी।
- भारत के सैन्य अधिकारियों के अनुसार, यह सड़क भारत की सीमा सुरक्षा भी बेहतर करने में मददगार साबित होगी।
- यह सड़क भारत की सैन्य सोच में बदलाव को भी दर्शाती है। पहले भारत सीमा के पास सड़क बनाने के खिलाफ था क्योंकि भारत को आशंका थी कि युद्ध के वक्त चीनी सैनिक सड़क का फायदा उठा सकते हैं। लेकिन अब भारत इस सड़क निर्माण को लेकर काफी अडिग है।
- भारत के सुरक्षा विशेषज्ञ काफी समय से चीन सीमा के करीब सुरक्षा व्यवस्था को और विकसित करने की मांग करते रहे थे, लिहाजा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उनकी मांग को पूरा करते हुए इस सड़क परियोजना के लिए हामी भरी।












Click it and Unblock the Notifications