ISIS के निशाने पर क्यों हैं गौतम गंभीर? पाकिस्तान के खिलाफ खुलकर देते हैं बयान
नई दिल्ली, 24 नवंबर। पूर्व क्रिकेटर और भारतीय जनता पार्टी के सांसद गौतम गंभीर को जान से मारने की धमकी मिली है। गौतम गंभीर ने कहा है कि 'ISIS कश्मीर' से उन्हें ईमेल के जरिए जान से मारने की धमकी मिली है। बीजेपी सांसद ने इस बारे में दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद उनके घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। आपको बता दें कि गौतम गंभीर बेबाकी से अपनी बात कहने के लिए जाने जाते हैं और जब बात पाकिस्तान या कश्मीर की हो तो उनका अंदाज काफी तल्ख हो जाता है।
Recommended Video

गौतम गंभीर को मिली धमकी
जब-जब किसी बाहरी ने कश्मीर को लेकर कुछ कहा है, तब-तब गौतम गंभीर ने उसकी क्लास लगाई है। हमेशा स्पष्ट बोलने वाले गौतम गंभीर जब क्रिकेट के मैदान में बल्लेबाजी करने उतरते थे तब भी अगर कुछ गलत होता था तो वो चुप नहीं बैठते थे , खास करके पाकिस्तानी टीम के साथ, कई बार तो उन्होंने पाक खिलाड़ियों को मैदान पर ही करारा जवाब दिया है।
अफरीदी की लगाई थी लताड़
उनके निशाने पर अक्सर पाकिस्तानी क्रिकेटर शाहिद अफरीदी होते हैं क्योंकि अफरीदी अक्सर कश्मीर को लेकर विवादित बयान देते रहते हैं। तो क्या ऐसा समझा जाए कि पाकिस्तान के खिलाफ खुलकर बोलने के कारण गौतम गंभीर को ISIS की धमकी मिली है।
आइए एक नजर डालते हैं गौतम गंभीर के उन बयानों पर, जिनमें उन्होंने पाकिस्तान की लगाई है जमकर क्लास

पीएम मोदी कश्मीरियों पर जुल्म कर रहे हैं: अफरीदी
जब शाहिद अफरीदी ने ये कहा कि 'पीएम मोदी कश्मीरियों पर जुल्म कर रहे हैं और उन्हें इसका जवाब देना होगा, वो देश की कौम पर अत्याचार कर रहे हैं, पीएम मोदी एक डरपोक और मानसिक तौर पर बीमार इंसान हैं,छोटे कश्मीर के लिए उन्होंने अपनी 7 लाख फौज तैनात की है। जबकि पाकिस्तान की कुल फौज ही 7 लाख है।'

बांग्लादेश याद है अफरीदी?
तो इस पर गंभीर ने अफरीदी की जमकर लताड़ लगाई थी और कहा था कि '16 साल के आदमी शाहिद अफरीदी कहते हैं कि पाकिस्तान की 7 लाख फौज के पीछे 20 करोड़ लोग खड़े हैं, फिर भी 70 साल से कश्मीर के लिए भीख मांग रहे हैं, अफरीदी, इमरान खान और बाजवा जैसे जोकर पाकिस्तान के लोगों को मूर्ख बनाने के लिए भारत और पीएम मोदी के खिलाफ जहर उगल सकते हैं, लेकिन जजमेंट डे तक कश्मीर नहीं मिलेगा', आपको बांग्लादेश याद है?'

'रेवेन्यू बनाने की कोशिश'
यही नहीं हाल ही में जब टी20विश्वकप के दौरान इंडिया-पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले को लेकर जब मीडिया में काफी बयानबाजी होने लगी तो गंभीर ने कहा था कि 'भारत और पाकिस्तान के बीच राइवलरी अपने आप में एक इंडस्ट्री बन गई है। उनके मुताबिक इस मुकाबले का प्रचार-प्रसार जोर-शोर से किया जाता है और रेवेन्यू बनाने की कोशिश की जाती है।'

'पहले अपने बेटा या बेटी को बार्डर पर लड़ने के लिए भेजें'
हाल ही में करतारपुर साहिब में मत्था टेकने के लिए पाकिस्तान पहुंचे पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान को अपना बड़ा भाई बताया था तब भी गौतम गंभीर काफी भड़क गए थे और उन्होंने कहा था कि ' सिद्धू पहले अपने बेटा या बेटी को भारत-पाकिस्तान बार्डर पर लड़ने के लिए भेजें फिर आतंकवादी देश के मुखिया इमरान खान को अपना बड़ा भाई बताएं।'

'आतंकवादी देश के प्रधानमंत्री हैं इमरान खान'
गंभीर यही नहीं रूके थे, बल्कि उन्होंने यह भी कहा कि भारत 70 साल से पाकिस्तान की तरफ से प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ लड़ रहा है और सिद्धू की ओर से एक "आतंकवादी देश" के प्रधानमंत्री को अपना बड़ा भाई कहना "शर्मनाक" है,इसकी जितनी भी आलोचना की जाए वो कम ही है।












Click it and Unblock the Notifications