कौन थे लांस नायक दिनेश कुमार शर्मा, जो पाकिस्तानी गोलाबारी में हुए शहीद, गर्भवती पत्नी का हुआ बुरा हाल
Lance Naik Dinesh Kumar Sharma: ''मुझे अपने बेटे की शहीदी पर गर्व है। उसने भारत माता की रक्षा के लिए अपनी जान दे दी है। मेरे बेटा अपने पीछे दो बच्चे छोड़ गया है, मैं उशे भी देश सेवा के लिए भारतीय सेना में भेजूंगा।'' ये बात जम्मू कश्मीर के पुंछ राजौरी बॉर्डर पर तैनात शहीद जवान लांस नायक दिनेश कुमार शर्मा के पिता दयाचंद शर्मा ने कही है। लांस नायक दिनेश कुमार शर्मा 07 मई को पाकिस्तान की ओर से हुई गोलीबारी में शहीद हुए हैं।
भारतीय सेना द्वारा ऑपरेशन सिंदूर के तहत 06 और 07 मई की दरमियानी रात भारत में पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (Pok) में उनके नौ आतंकी ठिकानों को नेस्तनाबूद किए हैं। इसी दौरान पाकिस्तान की तरफ से जम्मू-कश्मीर में लाइन ऑफ कंट्रोल (LoC) पर गोलीबारी की गई थी। इस गोलीबारी में पाकिस्तानी सेना को जवाब देते हुए 30 वर्षीय लांस नायक दिनेश कुमार शर्मा शहीद हो गए। इस गोलीबारी में चार अन्य जवान भी शहीद हुए हैं। उनकी शहादत पर हर भारतीय को गर्व है, ऐसे में आइए जानते हैं कौन थे दिनेश कुमार शर्मा?

Who was Lance Naik Dinesh Kumar Sharma: कौन थे लांस नायक दिनेश कुमार शर्मा?
🔴 शहीद लांस नायक दिनेश कुमार शर्मा 5 फील्ड रेजिमेंट में तैनात थे। साल 2014 में दिनेश तोपखाना रेजिमेंट में लांस नायक के पद पर भर्ती हुए थे। वो 30 साल के थे।
🔴 शहीद लांस नायक दिनेश कुमार शर्मा हरियाणा के पलवल जिले के मूल निवासी हैं। उनका घर पलवल होडल के कस्बा हसनपुर के गांव नंगला मोहम्मदपुर गुलावद में है।
🔴 शहीद लांस नायक दिनेश कुमार शर्मा अपने पीछे अपना पांच वर्षीय बेटा दर्शन और सात वर्षीय बेटी काव्या को छोड़ गए हैं। दिनेश कुमार शर्मा की पत्नी सीमा शर्मा पेशे से वकील हैं। इस वक्त वो गर्भवती हैं।
🔴 शहीद लांस नायक दिनेश कुमार शर्मा पांच भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके दो सगे भाई के अलावा तीन चचेरे भाई सेना में कार्यरत हैं। दिनेश कुमार शर्मा के पिता दयाचंद ने कहा है कि दिनेश का छोटा भाई कपिल जम्मू कश्मीर और एक भाई हरदत्त भोपाल में भारतीय सेना में तैनात है।
दिनेश कुमार शर्मा का राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार
रिपोर्ट के मुताबिक शहीद लांस नायक दिनेश कुमार शर्मा का उनके पैतृक गांव में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार होगा। भारतीय सेना ने कहा दिनेश कुमार शर्मा ने शत्रुतापूर्ण आक्रमण के खिलाफ देश की सीमा की रक्षा करते हुए आखिर तक बहादुरी से लड़ाई लड़ी। अधिकारिक पोस्ट में कहा गया, ''5 फील्ड रेजिमेंट के लांस नायक दिनेश कुमार ने 07 मई को पाकिस्तानी सेना की गोलाबारी के दौरान अपनी जान दे दी। हम पुंछ सेक्टर में निर्दोष नागरिकों पर लक्षित हमलों के सभी पीड़ितों के साथ एकजुटता में खड़े हैं।''












Click it and Unblock the Notifications