ISI एजेंट Nasir Dhillon कौन है? जिसके साथ ज्योति ने किया Podcast, भारत-पाकिस्तान पर 25Min क्या-क्या हुई बात?
Who is ISI Agent Nasir Dhillon: भारत में पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में हरियाणा की ट्रैवल यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा अब कानून के शिकंजे में है। फिलहाल, ज्योति पुलिस रिमांड पर है। इस बीच जासूसी के आरोप में देश में एक के बाद एक गिरफ्तारियां हुईं। कस्टडी में सभी से पूछताछ जारी है। अब एक बार फिर, ज्योति मल्होत्रा सुर्खियों में छा गई है। वजह है- उसका एक पॉडकास्ट वीडियो।
इसमें वो पाकिस्तान पुलिस के पूर्व सब-इंस्पेक्टर और कथित ISI एजेंट नासिर ढिल्लों से हंसते-बोलते बातचीत कर रही हैं। यह वीडियो 14 अप्रैल 2025 को नासिर के चैनल पर अपलोड हुआ था - और 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर (Operation Sindoor) के तहत सुरक्षा एजेंसियों ने नासिर से जुड़ी संदिग्ध गतिविधियों की जांच शुरू कर दी। आइए जानते हैं 25 मिनट के पॉडकास्ट वीडियो में ज्योति और नासिर में क्या बात हुई?

Podcast की शुरुआत में ही जुबान फिसली
वीडियो की शुरुआत में नासिर ढिल्लों ज्योति मल्होत्रा (Jyoti Malhotra) का स्वागत करते हुए बताता है कि पाकिस्तान में उनके वीडियोज बहुत पसंद किए जा रहे हैं। ज्योति मुस्कराते हुए जवाब देती है, 'थैंक्यू सो मच, नासिर जी। फिर दोनों पंजाबी, हिंदी और उर्दू मिक्स भाषा में बात करते हैं। ज्योति के ताऊ भी वीडियो में नजर आते हैं, जिनसे नासिर नमस्ते करता है और कहता है, 'जैसे आपके ताऊ हैं, वैसे मेरे भी ताऊ हैं।'
क्या-क्या बोली ज्योति? पॉडकास्ट की 5 चौंकाने वाली बातें
1- 'पाकिस्तान मेरी मिट्टी है'
ज्योति बताती है कि उनके दादा बहावलपुर और दादी मुल्तान से हैं। वो कहती है कि पाकिस्तान की मिट्टी से उसे खिंचाव महसूस होता है, सिर्फ कंटेंट नहीं, इमोशनल अटैचमेंट है। आगे कहती है कि मैं चाहती हूं ज्यादा हिंदू, पाकिस्तान जाएं। ज्योति कहती हैं कि उसने वीडियो में पाकिस्तान की पॉजिटिव इमेज दिखाई है और उम्मीद है कि अब ज्यादा हिंदू श्रद्धालु पाकिस्तान जाएंगे।
2- 'बजाज जी' का जिक्र और नंबर शेयर
ज्योति खुलकर एक बजाज नामक व्यक्ति का जिक्र करती हैं, जो पाकिस्तान जाने वाले यात्रियों के वीजा का इंतजाम करता है। वह खुद नासिर को उनका नंबर देने की बात कहती है। बताती हैं कि वो पाकिस्तान यात्रा के लिए कैसे वीजा दिलवाने वाले 'बजाज जी' से यात्रियों को जोड़ता हैं। यहीं से केस को नया मोड़ मिलता है। क्या यह मासूम जानकारी थी या किसी नेटवर्क का हिस्सा?
3- वीजा रिजेक्शन और 'सिंगल लोग शरारती होते हैं'
ज्योति कहती हैं कि उन्हें खुद पहले वीजा नहीं मिला था। लेकिन जब उन्होंने अपने दादा-दादी की पाकिस्तान से जुड़ी जड़ें बताईं और ट्रस्ट बनाया, तब वीजा मिला। नासिर पूछता है कि सिंगल ट्रैवलर्स को वीजा क्यों नहीं मिलता? जवाब में ज्योति कहती हैं, 'क्योंकि सिंगल लोग शरारती होते हैं, इसलिए उन पर डाउट होता है।'
5- 'मैं फिर आऊंगी, पूरा महीना रहूंगी..."
ज्योति इस पॉडकास्ट में एक बार नहीं, कई बार कहा कि वो फिर से पाकिस्तान जाएंगी - इस बार पूरे महीने के लिए। कराची, सिंध, पेशावर और इस्लामाबाद जैसे इलाकों का नाम भी लेती है। बताया कि उसके लिए वीजा अप्लाई करेंगी।

Who is Nasir Dhillon: नासिर ढिल्लों कौन है? कैसे जाल बुनता है?
अब जरा नासिर पर नजर डालते हैं। ये वही नासिर ढिल्लों है जो पाकिस्तानी पुलिस का रिटायर्ड सब-इंस्पेक्टर रह चुका है, और अब ISI एजेंट के तौर पर काम करता है। जांच में सामने आया है कि वो भारतीय यूट्यूबर्स से दोस्ती करता है, फिर उन्हें ISI एजेंट्स से मिलवाता है और उनसे भारतीय सेना व सुरक्षा ठिकानों की जानकारी जुटवाने की कोशिश करता है। जसबीर सिंह नामक एक और यूट्यूबर पहले ही नासिर की वजह से गिरफ्तार हो चुका है, और अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्या ज्योति भी उसी जाल का हिस्सा बनी?
पॉडकास्ट में क्या और खास था?
- लाहौर के अनारकली बाजार का जिक्र
- मंदिर यात्रा और पाकिस्तान के हिंदू टेम्पल्स की स्थिति
- पाकिस्तान के लोगों की 'फ्रेंडली इमेज' दिखाने की कोशिश
- साड़ी पहन कर घूमना और लोकल लोगों की प्रतिक्रिया
- पेशावर और कराची जैसे संवेदनशील इलाकों का दौरा करने की इच्छा
अब अगला कदम क्या है?
ज्योति को 9 जून को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस ने जांच में क्या पाया है, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है, लेकिन चार्जशीट में सभी बातचीत, ट्रैवल डिटेल्स और संदिग्ध संपर्कों का जिक्र किया जाएगा।
Who is Jyoti Malhotra: अनाथालय से ISI केस तक: कौन है ज्योति मल्होत्रा?
- आज वही नाम देशभर में चर्चा में है - ज्योति मल्होत्रा, उर्फ 'Travel With Jo'। 2025 में पाकिस्तान के एक कथित ISI एजेंट के साथ पॉडकास्ट करने वाली इस ट्रैवल व्लॉगर की जिंदगी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं लगती। ज्योति का जन्म 1992 में हरियाणा के हिसार में हुआ। लेकिन सिर्फ डेढ़ साल की उम्र में ही उनकी मां उन्हें शिशुगृह (अनाथालय) में छोड़कर चली गईं। इसके बाद उनकी परवरिश उनके पिता हरीश मल्होत्रा और दादा-दादी ने मिलकर की।
- हरीश मल्होत्रा पेशे से एक पेंटर थे, जो फर्नीचर पर पेंट करने का छोटा सा काम करते थे। आमदनी सीमित थी, लेकिन बेटी को किसी चीज की कमी न हो - इस सोच के साथ उन्होंने उसे पाला। ज्योति ने पढ़ाई पूरी करने के बाद गुरुग्राम की एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी शुरू की। सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन फिर आया कोविड-19, और वो जॉब भी चली गई। यहीं से ज्योति की जिदगी ने नया मोड़ लिया। अपने यूट्यूब चैनल शुरू किया और धार्मिक व पर्यटन स्थलों के ट्रैवल व्लॉग्स बनाना शुरू किया।
- पाकिस्तान के धार्मिक स्थलों की यात्राओं से लेकर नेपाल, थाईलैंड, दुबई और श्रीलंका तक - ज्योति के वीडियो भारत-पाक की सीमाओं से परे जाकर लोगों को जोड़ने का काम कर रहे थे। कटासराज मंदिर, करतारपुर साहिब, लाहौर और अनारकली बाजार जैसी जगहों की उनकी वीडियोज को लाखों व्यूज़ मिले। उनका मकसद यही था - 'लोगों को ये दिखाना कि सरहद के दोनों तरफ के लोग एक जैसे हैं।'लेकिन अब सवालों के घेरे में... कानूनी शिकंजे में।
Jyoti Malhotra Case Timeline: ज्योति मल्होत्रा केस की टाइमलाइन
- 16 मई 2025- गिरफ्तारी: हरियाणा की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। उस पर भारतीय दंड संहिता की धारा 152 और सरकारी गोपनीयता अधिनियम की धाराओं 3 और 5 के तहत मामला दर्ज किया गया।
- 17 मई 2025 - पहली पेशी: हिसार कोर्ट में पेशी के बाद उन्हें 5 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया।
- 22 मई 2025 - दूसरी पेशी: पुलिस रिमांड समाप्त होने पर कोर्ट में दोबारा पेश किया गया। कोर्ट ने 4 दिन की अतिरिक्त पुलिस रिमांड मंजूर की।
- 26 मई 2025 - तीसरी पेशी: 9 दिन की कुल पुलिस रिमांड समाप्त होने पर हिसार कोर्ट में तीसरी बार पेश किया गया। कोर्ट ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत (जेल) में भेज दिया।
- 9 जून 2025 - अगली सुनवाई कब: ज्योति मल्होत्रा ने वरिष्ठ अधिवक्ता कुमार मुकेश को नियुक्त किया है। उनकी अगली कोर्ट में पेशी 9 जून 2025 को निर्धारित है।
फिलहाल सवाल कई हैं, जवाब कम। क्या ये सिर्फ एक ट्रैवलर और यूट्यूबर की बातचीत थी? या इसके पीछे कुछ बड़ा खेल था? क्या पॉडकास्ट बनाते-बनाते ISI से कनेक्शन बन गए? ज्योति की अगली पेशी और चार्जशीट से इन सवालों के जवाब मिल सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications