कौन हैं तारिक मंसूर? नितिन नबीन की 13 सदस्यों वाली टीम में एकमात्र मुस्लिम चेहरा, BJP में मिली बड़ी जिम्मेदारी
Tariq Mansoor: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अपनी नई टीम का ऐलान कर दिया है। इस टीम में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के तौर पर कुल 13 लोगों को जगह दी गई है, जिनमें 6 महिलाएं शामिल हैं। नई टीम में अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) के पूर्व कुलपति प्रोफेसर तारीक मंसूर का नाम भी शामिल है। तारिक मंसूर 13 की टीम में अकेले मुस्लिम सदस्य हैं। उन्हें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
उत्तर प्रदेश से आने वाले मंसूर का राजनीति में आने से पहले मेडिकल और शिक्षा के क्षेत्र से लंबा जुड़ाव रहा है। AMU के कुलपति से लेकर उत्तर प्रदेश विधान परिषद सदस्य तक का उनका सफर काफी चर्चा में रहा है। अब राष्ट्रीय संगठन में जगह मिलने के बाद एक बार फिर तारिक मंसूर सुर्खियों में हैं। आखिर कौन हैं तारिक मंसूर और बीजेपी ने उन्हें इतनी अहम जिम्मेदारी क्यों दी है?

कौन हैं तारिक मंसूर?
प्रोफेसर तारिक मंसूर की पहचान राजनीति में आने से काफी पहले एक डॉक्टर और शिक्षाविद के तौर पर बन चुकी थी। उन्होंने अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में सर्जरी विभाग में प्रोफेसर और प्रिंसिपल के तौर पर काम किया। मेडिकल और शिक्षा के क्षेत्र में लंबा अनुभव रखने वाले मंसूर बाद में AMU के कुलपति बने। उन्होंने 2017 से 2023 तक इस पद की जिम्मेदारी संभाली। उनके कार्यकाल में विश्वविद्यालय में शिक्षा से जुड़े विस्तार और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर काम हुआ।
ये भी पढ़ें: Shehzad Poonawalla Future Plan: BJP छोड़ने के बाद क्या करेंगे शहजाद पूनावाला? खुद बताया फ्यूचर प्लान
कुलपति के बाद राजनीति में आए
AMU के कुलपति पद से हटने के बाद तारिक मंसूर का जुड़ाव राजनीति से हुआ। बीजेपी ने उन्हें उत्तर प्रदेश से विधान परिषद सदस्य बनाया। इसके बाद अब पार्टी ने उन्हें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी है। यानी एक डॉक्टर और शिक्षाविद के रूप में करियर शुरू करने वाले तारिक मंसूर अब बीजेपी के राष्ट्रीय संगठन में अहम भूमिका निभाएंगे।
मुस्लिम समाज तक पहुंच की कोशिश?
मंसूर की नियुक्ति को बीजेपी की मुस्लिम समाज के पढ़े-लिखे और पेशेवर वर्ग तक पहुंच बनाने की कोशिश से भी जोड़कर देखा जा रहा है। एएमयू जैसे बड़े संस्थान के पूर्व कुलपति होने के कारण उनकी पहचान केवल राजनीतिक दायरे तक सीमित नहीं है। बीजेपी के लिए मंसूर का अनुभव और उनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि मुस्लिम समाज के बीच संवाद बढ़ाने में उपयोगी हो सकती है। खासकर उत्तर प्रदेश में पार्टी के लिए यह भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा सकती है।
राष्ट्रीय संगठन में बढ़ा कद
उत्तर प्रदेश से विधान परिषद सदस्य बनने के बाद अब राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलना तारिक मंसूर के राजनीतिक सफर में बड़ा बदलाव है। नितिन नबीन की नई टीम में उन्हें जगह मिलने से साफ है कि पार्टी संगठन में उनके अनुभव को महत्व दे रही है।
अब देखना होगा कि राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के तौर पर तारिक मंसूर को किन क्षेत्रों की जिम्मेदारी मिलती है और आने वाले चुनावों में पार्टी उनके अनुभव का किस तरह इस्तेमाल करती है।
ये भी पढ़ें: 'मुझे मुक्त करें', शहजाद पूनावाला ने फिर भेजा इस्तीफा, पार्टी के मर्जी के खिलाफ BJP छोड़ने पर क्यों अड़े?


Click it and Unblock the Notifications
