कौन हैं RAF अफसर सोनिया सहरावत? CJP प्रदर्शन में टूटा था हाथ, लेकिन अब क्यों हो रही थू-थू, वजह करेगी हैरान
RAF officer Sonia Sehrawat: दिल्ली के जंतर-मंतर पर 20 जुलाई को हुए 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के 'संसद चलो' मार्च ने सिर्फ राजनीतिक हलचल ही नहीं मचाई, बल्कि एक RAF अफसर को भी देशभर में चर्चा का विषय बना दिया। प्रदर्शन के दौरान रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की असिस्टेंट कमांडेंट सोनिया सहरावत ड्यूटी निभाते हुए घायल हो गईं और उनका हाथ फ्रैक्चर हो गया।
पहले उनकी बहादुरी की चर्चा हुई, लेकिन इसके बाद सोशल मीडिया पर आई एक इंस्टाग्राम स्टोरी ने पूरा माहौल बदल दिया। अब सवाल सिर्फ उनकी बहादुरी का नहीं, बल्कि उनकी सोशल मीडिया एक्टिविटी का भी उठ रहा है। ऐसे में आइए जानते हैं कि आखिर सोनिया सहरावत कौन हैं और पूरा विवाद क्या है?

कौन हैं सोनिया सहरावत? (Who Is Sonia Sehrawat RAF Assistant Commandant)
सोनिया सहरावत CRPF में असिस्टेंट कमांडेंट हैं और फिलहाल रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) में तैनात हैं। RAF देश में दंगा नियंत्रण और भीड़ प्रबंधन की जिम्मेदारी संभालने वाली CRPF की विशेष यूनिट है।
हरियाणा के एक साधारण परिवार से आने वाली सोनिया बचपन से वर्दी पहनना चाहती थीं। उनका सफर NCC से शुरू हुआ जहां उन्होंने ट्रेनिंग ली। इसके बाद उन्होंने UPSC CAPF (Assistant Commandant) परीक्षा पास की और CRPF में अधिकारी बनीं। उनकी ट्रेनिंग भी आसान नहीं रही। एक हादसे में उन्हें 52 टांके लगे, लेकिन उन्होंने बीच में प्रशिक्षण नहीं छोड़ा। बाद में उन्होंने जम्मू-कश्मीर जैसे संवेदनशील इलाकों में भी ड्यूटी निभाई।
अफसर होने के साथ-साथ सोनिया सोशल मीडिया स्टार भी हैं। इंस्टाग्राम पर उनके 6 लाख से ज्यादा (6.21 लाख) फॉलोअर्स हैं। वे अक्सर अपनी पर्सनल लाइफ, फिटनेस, डांस रील्स और वर्दी में फोटो-वीडियो शेयर करती रहती हैं।

20 जुलाई को जंतर-मंतर पर सोनिया सहरावत का हाथ कैसे टूटा?
20 जुलाई को CJP के 'संसद चलो' मार्च के दौरान दिल्ली के जंतर-मंतर पर हालात अचानक बिगड़ गए। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई। आरोप है कि कुछ लोगों ने सुरक्षा बलों पर जूते, चप्पल और बीयर की बोतलें फेंकी। इसके बाद मौके पर अफरातफरी फैल गई।
इसी दौरान RAF की असिस्टेंट कमांडेंट सोनिया सहरावत भीड़ के बीच फंस गईं और उनका हाथ टूट गया। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में कई FIR दर्ज की हैं और जांच जारी है। पुलिस के मुताबिक इस हिंसा में 118 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल हुए।
एक टीवी इंटरव्यू में सोनिया सहरावत ने कहा कि जब भीड़ बेकाबू हुई तो कुछ लड़कियां गिर गईं। उन्हें बचाने के लिए वह आगे बढ़ीं। इसी दौरान वह खुद घायल हो गईं और उनके हाथ में फ्रैक्चर हो गया।
उन्होंने कहा, "हम लगातार लोगों से शांति बनाए रखने और दूरी बनाकर चलने की अपील कर रहे थे। लेकिन भीड़ ने बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की। हमारे जवानों के हेलमेट तक उतार दिए गए। जब भगदड़ जैसी स्थिति बनी तो हमारी पहली कोशिश लड़कियों को सुरक्षित निकालने की थी।" सहरावत ने यह भी दावा किया कि उनके नेतृत्व में मौजूद RAF जवानों ने किसी महिला प्रदर्शनकारी के साथ जानबूझकर कोई अभद्रता नहीं की।
अभिजीत दीपके ने क्या आरोप लगाए?
CJP फाउंडर अभिजीत दीपके ने प्रदर्शन के दौरान सोनिया सहरावत से सीधे सवाल किए। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं के साथ बल प्रयोग किया गया और पूछा कि क्या महिला अधिकारी होने के नाते वह इस कार्रवाई का समर्थन करती हैं।
एक ट्रक के ऊपर खड़े होकर, दीपके ने ऑफिसर से सीधे कहा, "मैडम, एक महिला होने के नाते, मैं जानना चाहता हूं कि क्या आप पुरुषों द्वारा महिलाओं पर की जा रही क्रूरता का सपोर्ट करती हैं?'' एक महिला प्रोटेस्टर का जिक्र करते हुए, जिसने आरोप लगाया था कि उसकी टीम के सिक्योरिटी वालों ने उस पर हमला किया था, दीपके ने कहा, "इस लड़की ने कहा कि उस पर हमला किया गया और उसकी छाती पर मारा गया। यह क्या है? क्या यह सही है, मैडम?"
जब यह बातचीत हुई, तब सेहरावत अपनी टीम के साथ दीपके के सामने खड़ी थीं। हालांकि, दीपके ने बातचीत के दौरान सहरावत की एक बात की तारीफ भी की।
उन्होंने कहा, "मैं एक महीने से ज्यादा समय से प्रोटेस्ट साइट पर हूं, लेकिन किसी भी पुलिस ऑफिसर ने मेरी बात उस तरह नहीं सुनी जैसे मैडम ने सुनी है। मैं अपनी फीलिंग्स मैडम के साथ शेयर करना चाहता हूं। क्या आपको पता है, यहां हर कोई मुझसे नाराज है कि मैंने मार्च जारी नहीं रखा? लेकिन मैं इस इल्जाम के साथ जीने को तैयार हूं क्योंकि अगर इन स्टूडेंट्स को कुछ हो जाता तो मैं खुद के साथ नहीं जी पाता।"
सोनिया सहरावत के एक इंस्टाग्राम स्टोरी ने क्यों खड़ा कर दिया विवाद?
घटना के दो दिन बाद सोनिया सहरावत के इंस्टाग्राम अकाउंट से एक स्टोरी पोस्ट हुई, जिसमें एक मरे हुए कॉकरोच की तस्वीर के साथ लिखा गया था, "जो खुद अपनी हालत नहीं बदल पा रहे, वे देश बदलने की बातें कर रहे हैं।"
इस पोस्ट को CJP समर्थकों ने अपने आंदोलन पर तंज माना। इसके बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया शुरू हो गई। CJP ने जवाब देते हुए कहा, "अगर हमें कॉकरोच कहा जा रहा है, तो याद रखिए... कॉकरोच इतनी आसानी से खत्म नहीं होते।"
बढ़ते विवाद के बीच यह स्टोरी बाद में हटा दी गई। वहीं कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि CRPF के भीतर भी इस मामले को लेकर अनुशासनात्मक स्तर पर चर्चा शुरू हुई है। हालांकि इस पर आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

सोनिया सहरावत ने आरोपों के जवाब में क्या-क्या कहा?
अभिजीत दिपके के आरोपों के बारे में पूछे जाने पर, सहरावत ने हिंदुस्तान टाइम्स को बताया कि उनके कमांड में RAF के जवानों ने न तो जानबूझकर और न ही अनजाने में किसी प्रदर्शनकारी पर हमला किया। उन्होंने कहा, "यह मेरे जवानों ने न तो जानबूझकर और न ही अनजाने में किया। वे महिलाओं को बचाने के लिए तैनात और ट्रेंड हैं।"
सोनिया सहरावत बोलीं,
"जब अफरा-तफरी मची, तो मैंने सभी से दूरी बनाए रखने और बहुत पास न खड़े होने की अपील की। हालांकि प्रदर्शनकारी महिलाओं को आगे ले आए जबकि वे खुद पीछे रहे। मुझे नहीं पता कि उनका मकसद क्या था। हम कितना बता सकते हैं?"
घटना के बारे में और बताते हुए, सहरावत ने कहा कि भीड़ के पीछे से बढ़ने पर तीन महिलाएं गिर गईं, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति हो गई। उन्होंने आगे कहा, "जब लोगों को पीछे से धक्का दिया गया, तो तीन लड़कियां आगे गिर गईं। मेरे जवानों ने उन्हें चोट नहीं पहुंचाई। मैं आपको इसकी गारंटी दे सकती हूं। वे भगदड़ जैसी स्थिति में घायल हुई थीं।"
सेहरावत ने आगे दावा किया कि वह और कई RAF के जवान भी टकराव के दौरान घायल हुए थे। उन्होंने कहा, "जब मैं जमीन पर गिरी, तो मुझ पर पत्थर और जूते फेंके जा रहे थे। उन्होंने मेरा हेलमेट भी उतार दिया।"
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि एक जवान को भीड़ में घसीटा गया। उन्होंने कहा, "कोई कितना बर्दाश्त कर सकता है? अगर किसी सरकारी कर्मचारी की मॉब लिंचिंग होती है, तो यह मंजूर नहीं है। हमें सेल्फ-डिफेंस में काम करना होगा।"
उन्होंने आगे बताया,
"जब भीड़ को पीछे से धक्का दिया गया, तो लड़के भाग सकते थे, लेकिन लड़कियां नहीं भाग सकीं। वहां एक 12 साल की लड़की भी थी। एक 12 साल की बच्ची बिना किसी मदद के प्रोटेस्ट में क्या कर रही थी? हमारी प्राथमिकता छोटी लड़कियों को बचाना था। हम दुश्मन नहीं हैं और हम गुंडे नहीं हैं।"
यह पूछे जाने पर कि क्या अभिजीत दीपके की उनके औरत और माँ होने वाली बातों से उन पर इमोशनली असर पड़ा, सेहरावत ने कमेंट करने से मना कर दिया। उन्होंने कहा, "ये पर्सनल कमेंट्स हैं। मैं उनके बारे में कुछ नहीं बोलूंगी।''
उन्होंने आगे कहा, "वे हमें गुंडे कहते रहे और गालियां देते रहे।" उन्होंने कहा, "हम यहां आपकी रक्षा करने के लिए हैं और आप सुरक्षित नहीं रहना चाहतीं, तो मैं क्या कर सकती हूं?"
पूरा मामला अब किस मोड़ पर है?
दिल्ली पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। कई FIR दर्ज हो चुकी हैं और हिंसा के वीडियो भी जांच का हिस्सा हैं। दूसरी तरफ सोशल मीडिया पर सोनिया सहरावत की बहादुरी और उनकी विवादित पोस्ट दोनों पर बहस जारी है। यही वजह है कि वह इस समय सिर्फ एक घायल RAF अधिकारी नहीं, बल्कि पूरे घटनाक्रम का सबसे चर्चित चेहरा बन चुकी हैं।


Click it and Unblock the Notifications
