SP Second Candidate List: बेनी प्रसाद वर्मा की पोती को सपा ने दिया टिकट, जानिए कौन हैं श्रेया वर्मा
समाजवादी पार्टी ने सोमवार को लोकसभा उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। पार्टी ने गोंडा लोकसभा सीट से श्रेया वर्मा को मैदान में उतारा है। श्रेया स्वर्गीय बेनी प्रसाद वर्मा की पोती हैं।
गोंडा सीट से अभी बीजेपी के कीर्तिवर्धन सिंह सांसद हैं। इस इलाके में बृजभूषण शरण सिंह का भी दबदबा माना जाता है। गोंडा से 1991, 1999 में बृज भूषण शरण सिंह सांसद रह चुके हैं।

कौन हैं श्रेया वर्मा?
श्रेया वर्मा बेनी प्रसाद वर्मा की पोती हैं। बेनी प्रसाद ओबीसी वर्ग के बड़े नेता रहे हैं। वो लंबे समय तक समाजवादी पार्टी में रहे। बेनी प्रसाद मुलायम सिंह यादव के करीबी रहे हैं।
कुर्मी समाज के बड़े नेता रहे बेनी प्रसाद वर्मा साल 1996 से 1998 के दौरान केंद्रीय मंत्री भी रह चुके हैं। श्रेया वर्मा के दादा, बेनी प्रसाद वर्मा ने लगातार 1998, 1999 और 2004 में कैसरगंज लोकसभा सीट से चुनाव जीते थे।
बेनी प्रसाद 2009 में पड़ोस की गोंडा लोकसभा सीट का चुनाव कांग्रेस के टिकट पर जीते। इसी सीट से पार्टी ने श्रेया वर्मा को टिकट दिया है। बेनी प्रसाद मनमोहन सिंह सरकार में स्टील मंत्री रह चुके हैं। हालांकि 2016 में उन्होंने दोबारा समाजवादी पार्टी ज्वाइन कर ली थी।
श्रेया वर्मा समाजवादी पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रह चुकी हैं। उन्होंने अपनी पढ़ाई देहरादून से की है। वो सपा राष्ट्रीय महिला सभा में पदाधिकारी भी हैं। उनके पिता राकेश वर्मा भी यूपी सरकार में मंत्री रह चुके हैं। श्रेया ने बाराबंकी में बेनी प्रसाद वर्मा एकेडमी की शुरुआत की थी। इसमें गरीब बच्चों को सिविल सेवा समेत तमाम मामलों में मुफ्त शिक्षा दी जाती है।












Click it and Unblock the Notifications