बिहार-MP में हारी लेकिन इस सीट पर BJP की हुई प्रचंड जीत, कौन हैं सतीश पटेल? जिन्होंने कांग्रेस को हराया
बिहार बांकीपुर और मध्य प्रदेश दतिया के उपचुनावों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को हार मिली है लेकिन गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट पर पार्टी ने एक बार फिर अपना दबदबा साबित कर दिया। यहां बीजेपी उम्मीदवार सतेंद्रभाई गोविंदभाई पटेल, जिन्हें सतीश पटेल के नाम से भी जाना जाता है, ने कांग्रेस के दिग्गज नेता भीखा रबारी को 30,630 वोटों के बड़े अंतर से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस नतीजे के साथ बीजेपी ने साफ कर दिया कि मांजलपुर अब भी उसका सबसे मजबूत गढ़ बना हुआ है।
30 जुलाई को हुए मतदान के बाद 20 राउंड की मतगणना में बीजेपी शुरू से बढ़त बनाए रही। आखिर में सतीश पटेल को 55,481 वोट मिले, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार भीखा रबारी को 24,851 वोट हासिल हुए। दोनों के बीच जीत का अंतर 30,630 वोट रहा। इस उपचुनाव में करीब 37.5 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। मतदान 260 केंद्रों पर कराया गया था। मतगणना के दौरान सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए।

कौन हैं 62 साल के सतीश गोविंदभाई पटेल?
62 वर्ष के सतीश पटेल वडोदरा की राजनीति में एक परिचित चेहरा हैं। वे करीब 32 सालों से बीजेपी से जुड़े हैं और सहकारिता क्षेत्र के बड़े नेता माने जाते हैं। वे पार्षद रहने के साथ-साथ वडोदरा नगर निगम (VMC) की स्थायी समिति के अध्यक्ष और बीजेपी के वडोदरा जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
सतीश पटेल ने 1980 में एसएससी, 1982 में एचएससी की पढ़ाई पूरी की और गुजरात यूनिवर्सिटी से बी.कॉम सेकंड ईयर तक पढ़ाई की है। छानी क्षेत्र के निवासी होने के बावजूद पार्टी ने सतीश पटेल पर भरोसा जताया, जिस पर वे पूरी तरह खरे उतरे।
जीत के बाद क्या बोले सतीश पटेल?
बड़ी जीत हासिल करने के बाद सतीश पटेल ने मांजलपुर के मतदाताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा, "मांजलपुर की जनता ने मुझे ठीक वैसा ही प्यार और समर्थन दिया है जैसा वे हमेशा स्वर्गीय योगेश काका को देते आए थे। यह जीत पूरी तरह जनता की जीत है। क्षेत्र में बेहतर सड़कें, पीने का साफ पानी और बुनियादी विकास कार्य मेरी पहली प्राथमिकता रहेंगे।"
दूसरी तरफ करारी हार का सामना करने वाले पूर्व मंत्री और गुजरात कांग्रेस के उपाध्यक्ष भीखा रबारी ने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा, "चुनाव के आखिरी वक्त में बीजेपी ने क्षेत्र में डर और खौफ का माहौल बना दिया। इस वजह से मेरे समर्थक खुलकर वोट डालने बाहर नहीं निकल पाए। यह आचार संहिता का सीधा उल्लंघन है और चुनाव निष्पक्ष तरीके से नहीं हुआ। इसके बावजूद मैं जनता के मुद्दों पर लड़ाई जारी रखूंगा।"
योगेश काका का अजेय किला रही है मांजलपुर सीट
मांजलपुर सीट साल 2008 के परिसीमन के बाद वजूद में आई थी। तब से लेकर आज तक यह सीट बीजेपी का अभेद्य किला बनी हुई है। वडोदरा के दिग्गज नेता स्वर्गीय योगेश पटेल (योगेश काका) ने अपने 36 साल के राजनीतिक सफर में लगातार 8 बार विधानसभा चुनाव जीते।
वे 1990 से 2007 तक रावपुरा सीट से 5 बार विधायक रहे। इसके बाद 2012, 2017 और 2022 में मांजलपुर से लगातार तीन बार विधायक चुने गए। उनके निधन के बाद बीजेपी के सामने इस किले को बचाए रखने की चुनौती थी, जिसे सतीश पटेल ने शानदार जीत के साथ पूरा कर दिखाया।


Click it and Unblock the Notifications
