कौन हैं राखी नायक? जिन्होंने गोवा में दिया कांग्रेस को तगड़ा झटका
गोवा में कांग्रेस को उस वक्त बड़ा झटका लगा, जब पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता राखी प्रभुदेसाई नायक टीएमसी में शामिल हो गईं।
गोवा, 6 जनवरी: पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस को गोवा में एक बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता राखी प्रभुदेसाई नायक पार्टी से इस्तीफा देकर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) में शामिल हो गई हैं। बुधवार को टीएमसी सांसद और पार्टी की गोवा प्रभारी महुआ मोइत्रा ने राखी प्रभुदेसाई नायक को तृणमूल कांग्रेस की सदस्यता दिलाई। इससे पहले राखी ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'बहुत सोचने के बाद और भारी मन से आज मैंने कांग्रेस छोड़ने का फैसला लिया है। कांग्रेस पार्टी में मेरा सफर छोटा लेकिन काफी सफल रहा। मैंने प्रदेश कांग्रेस कमेटी को अपना इस्तीफा भेज दिया है।'
Recommended Video

कौन हैं राखी प्रभुदेसाई नायक?
पेशे से वकील राखी प्रभुदेसाई नायक गोवा की एक मुखर एक्टिविस्ट हैं। भले ही सरकार किसी पार्टी की रही हो, राखी अक्सर गोवा के लोगों के हक में आवाज उठाती रही हैं। राखी पिछले साल अक्टूबर 2021 में ही कांग्रेस में शामिल हुईं थी और इससे पहले वो चार साल तक शिवसेना में गोवा की प्रदेश उपाध्यक्ष रहीं। कांग्रेस में शामिल होते वक्त राखी नायक ने आरोप लगाया था कि शिवसेना गोवा के लोगों के हित में काम नहीं कर रही, इसलिए वो पार्टी छोड़ रही हैं।

विधायक प्रसाद गांवकर के खिलाफ खोला मोर्चा
राखी प्रभुदेसाई नायक पिछले साल नवंबर में उस वक्त सुर्खियों में आईं, जब उन्होंने गोवा की संगेम सीट से विधायक प्रसाद गांवकर के खिलाफ मोर्चा खोला। राखी ने प्रसाद गांवकर के ऊपर आरोप लगाया कि उन्होंने चुनाव से पहले जो वादे किए थे, ना केवल उनकी अनेदखी कर रहे हैं, बल्कि उनकी विधानसभा के तहत आने वाले गांवों को बुनियादी सुविधाएं भी नहीं मिल पा रही हैं।

TMC में जाने की बताई वजह
टीएमसी में शामिल होने के बाद राखी प्रभुदेसाई नायक ने कहा, 'गोवा की वर्तमान सरकार ना केवल अयोग्य है, बल्कि बहुत ज्यादा असंवेदनशील है। महिलाओं और अल्पसंख्यकों को लेकर सरकार के पास ना कोई विचार है और ना ही योजना। युवाओं को नौकरियां बोली लगाकर बेची जा रही हैं। मैं हमेशा से विचारधारा की लड़ाई लड़ती रही हूं और आगे भी सरकार की नाकामी के खिलाफ आवाज उठाती रहूंगी। गोवा के लोगों की भलाई के लिए मौजूदा सरकार को हराना होगा और केवल टीएमसी ही ऐसा करने में सक्षम है।
ये भी पढ़ें- महाराष्ट्र के बाद अब गोवा में शिवसेना-कांग्रेस साथ! विधानसभा चुनाव से पहले बनने जा रहे नए समीकरण











Click it and Unblock the Notifications