Major Beena Tiwari: पिता-दादा के नक्शेकदम पर बनीं अफसर, तुर्की में बच्ची को बचाकर दुनिया में छाईं
मेजर बीना तिवारी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रहीं। वो तुर्की के रेस्क्यू ऑपरेशन में लगी हुई हैं।

तुर्की में आए विनाशकारी भूकंप ने 35 हजार से ज्यादा लोगों की जान ली है। भूकंप के तुरंत बाद भारत सरकार ने भारतीय सेना, एनडीआरएफ और वायुसेना की टीम को रेस्क्यू ऑपरेशन में लगा दिया था। जिसने हजारों लोगों की जान वहां पर बचाई है। हाल ही में 28 वर्षीय मेजर बीना तिवारी की तस्वीर वायरल हुई थी, जिन्होंने मलबे से निकली एक बच्ची को बचाया था। आइए जानते हैं कौन हैं मेजर बीना तिवारी-

पापा और दादा रिटायर
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक मेजर तिवारी मूल रूप से उत्तराखंड की रहने वाली हैं। उनके पिता मोहन चंद्र तिवारी कुमाऊं रेजिमेंट में सूबेदार मेजर थे, जो अब रिटायर हो चुके हैं। उससे पहले उनके दादा खिलानंद तिवारी ने भारतीय सेना में शामिल होकर देश की सेवा की थी। वो सूबेदार के पद से रिटायर हुए। अपने पिता और दादा के नक्शेकदम पर चलते हुए बीना भी सेना में अफसर बनीं। भूकंप प्रभावितों की मदद के लिए भारत सरकार ने 7 फरवरी को उनको तुर्की भेजा था।

पति भी सेना में
बेटी की बहादुरी पर उनके पिता ने कहा कि मेरी बेटी वर्दी के सम्मान और चुनौतियों के बारे में जानती थी। उसका सपना भी सेना में अफसर बनने का था, ऐसे में उसने दिल्ली में आर्मी कॉलेज ऑफ मेडिकल साइंसेज से एमबीबीएस किया। इसके बाद वो सेना में अफसर बनीं। उनकी पहली पोस्टिंग 2018 में डिब्रूगढ़ में हुई थी। इसके बाद उन्होंने शादी की, उनके पति भी एएमसी में मेजर हैं। मोहन चंद्र ने आगे कहा कि उनके पूरे परिवार को बेटी पर गर्व है। वो मुश्किल वक्त में तुर्की की मदद कर रहीं। साथ ही देश का नाम रोशन कर रही।

बुजुर्ग के साथ वीडियो हुआ था वायरल
वहीं दूसरी ओर बीना ने एक बुजुर्ग महिला की जान बचाई थी। जिस पर वो भावुक हो गईं और उन्होंने बीना तिवारी को गले लगा लिया। इससे वीडियो और फोटोज सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुए। इसके अलावा बीना की टीम ने जब एक बच्ची को बचाया था, तो भी बीना का वीडियो वायरल हुआ था।












Click it and Unblock the Notifications