Lawrence Bishnoi: कौन है लॉरेंस बिश्नोई, जिसने सुपरस्टार सलमान खान को भी 'डर' में जीने पर किया मजबूर
Lawrence Bishnoi News: गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई एक बार फिर से सुर्खियों में है। हाल ही में सलमान खान ने लॉरेंस बिश्नोई से मिली धमकी पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।

Who is Lawrence Bishnoi: बॉलीवुड के सबसे बड़े सुपरस्टार सलमान खान को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने जान से मारने की धमकी दी है। पिछले कुछ महीनों में लॉरेंस बिश्नोई की गैंग की तरफ से सलमान खान को कई बार धमकियां मिल चुकी है। अब सलमान खान ने इस पूरे मामले पर चुप्पी तोड़ी है।
एक टीवी चैनल के कार्यक्रम में सलमान खान ने कहा, ''मैं अब हमेशा सिक्योरिटी में रहता हूं। मुझे पता है कि जो होना है वह होगा चाहे आप कुछ भी करें। अब मेरे आसपास इतने सारे शेरा (सलमान का बॉडीगार्ड) हैं, मेरे साथ इतनी बंदूकें चल रही हैं कि मैं खुद इन दिनों डर गया हूं।'
सलमान खान के इस इंटरव्यू के बाद एक बार फिर लॉरेंस बिश्नोई सुर्खियों में बने हुए हैं। लॉरेंस बिश्नोई के बारे में जानने से पहले ये जान लेते हैं कि आखिर सलमाम खान और लॉरेंस बिश्नोई के बीच विवाद क्या है...? क्या वह वजह है जिसकी वजह से लॉरेंस बिश्नोई सलमान खान को जान से मारने की धमकी देता है।
असल में सलमान खान और लॉरेंस बिश्नोई के बीच काले हिरण को लेकर विवाद है। जिसको लेकर सलमान खान पर केस भी चल रहा है। लॉरेंस बिश्नोई का कहना है कि सलमान खान ने काले हिरण को मारकर उसके समाज का अपमान किया है।
लॉरेंस का कहना है कि बिश्नोई समाज काले हिरण में बहुत आस्था रखता है और सलमान ने काले हिरण का शिकार कर उनकी भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। इसी बात को लेकर लॉरेंस बिश्नोई ने कई बार सलमान खान को धमकी दी है।
कौन है लॉरेंस बिश्नोई?
कहते हैं कि जन्म के समय लॉरेंस बिश्नोई के "चमकते चेहरे" को देखकर उसकी मां इतनी खुश हुई थी कि उन्होंने अपने बेटे का नाम बिल्कुल वैसा ही रखा, ''लॉरेंस'' जिसका मतलब है, 'उज्ज्वल, चमकदार'। लॉरेंस बिश्नोई के पिता पंजाब पुलिस में थे, उनका सपना था कि उनका बेटा भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी बनें। लेकिन उनका बेटा आज एक गैंगस्टर बन गया।

आज लॉरेंस बिश्नोई के खिलाफ राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) और दिल्ली पुलिस ने गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम (यूएपीए) के तहत मामला दर्ज किया है। लॉरेंस बिश्नोई फिलहाल दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है।
कहा जाता है कि तिहाड़ में बंद होने के बाद भी लॉरेंस बिश्नोई कोई भी काम आसानी से करा लेता है। पंजाब के 29 वर्षीय गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने कई मौकों पर दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में शांति भंग की है।
12 फरवरी 1993 को लॉरेंस बिश्नोई जन्म पंजाब के फाजिल्का (अबोहर) में आम परिवार में हुआ था। पिता पंजाब पुलिस विभाग में कांस्टेबल थे। हालांकि बिश्नोई के पिता ने केवल पांच महीने के बाद पुलिस फोर्स छोड़ दिया और खेती करने चले गए थे।

बिश्नोई के बचपन में किसी को भी इस बात का अंदेशा नहीं था कि उसकी जिंदगी इतनी बदल जाएगी। बिश्नोई किसी भी अन्य बच्चे की तरह बड़ा हुआ। पढ़ाई, खिलौनों और खेल में बचपन से ही उसकी रुचि थी। उसकी मां ने उसे महंगे, फैशनेबल कपड़े खरीद कर बड़े लाड़ प्यार से पाला था।
बचपन की पढ़ाई लॉरेंस बिश्नोई ने फजिल्का में ही की। लॉरेंस बिश्नोई आगे की पढ़ाई के लिए चंडीगढ़ आया था। उसने अपने करियर की शुरुआत एक छात्र नेता के रूप में की थी। एक छात्र के तौर पर लॉरेंस बिश्नोई ने चंडीगढ़ के डीएवी कॉलेज में पढ़ाई की। 2011 के आसपास लॉरेंस बिश्नोई पंजाब विश्वविद्यालय में एक छात्र संगठन 'स्टूडेंट आर्गेनाइजेशन ऑफ़ पंजाब यूनिवर्सिटी' (SOPU) में शामिल हो गया।

लॉरेंस बिश्नोई इसी दौरान अपने गृहनगर फिरोजपुर के आसपास में वाहन चोरी और जबरन वसूली के मामलों में शामिल हो गया। यहीं से जुर्म की दुनिया में लॉरेंस की एंट्री होती है। लॉरेंस बिश्नोई ने इसी दौरान छात्र संघ के लिए चुनाव लड़ने का फैसला किया। लेकिन वह 'उदय ग्रुप' के छात्र नेता से चुनाव में हार गया। अपनी हार को लॉरेंस बर्दाश्त नहीं कर पाया और वह बदला लेने की भावना से रिवाल्वर खरीद ली।

साल 2011 में लॉरेंस का सामना उदय ग्रुप से हुआ, इस दौरान दोनों संगठन के युवाओं में भिड़ंत हुई। इसी दौरान लॉरेंस ने फायरिंग कर दी और मामला पुलिस तक पहुंच गया। ये पहला मौका था जब लॉरेंस पर पुलिस केस दर्ज हुआ। वर्तमान में लॉरेंस बिश्नोई पर पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या करवाने, सलमान खान को धमकी देने समेत 50 से भी अधिक मामले दर्ज हैं।
उसके खिलाफ हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और दिल्ली में कई आरोप दर्ज हैं। पंजाब के डकैत अमनदीप सिंह (हैप्पी) देवड़ा के संरक्षण में आने के बाद ही उसने संगठित अपराध की दुनिया में प्रवेश किया। राजस्थान पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक लॉरेंस बिश्नोई के पास वफादार समर्थकों और शार्पशूटरों की एक बड़ी फौज है, जो सभी के लिए खतरा है।

खबरों के मुताबिक बिश्नोई गैंग में शार्पशूटर समेत करीब 700 सदस्य हैं। गैंगस्टर बिश्नोई लगातार अपने आपराधिक साम्राज्य का विस्तार कर रहा है। जोधपुर में बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को सार्वजनिक रूप से जान से मारने की धमकी देने के बाद लॉरेंस बिश्नोई ने पुलिसकर्मियों का सामना किया, जिससे राजस्थान पुलिस के लिए गंभीर दुविधा पैदा हो गई थी।
राजस्थान में वांछित डकैत आनंदपाल सिंह के पकड़े जाने के बाद, लॉरेंस बिश्नोई को आनंदपाल सिंह गिरोह से अपराधियों को भर्ती करने का मौका मिला था।












Click it and Unblock the Notifications