'मोदी' मतलब भ्रष्टाचार...', कौन हैं BJP नेता खुशबू सुंदर, वायरल हुआ जिनका 5 साल पुराना ट्वीट, हो रही हैं ट्रोल
Khushbu Sundar News: कांग्रेस से भाजपा में आईं नेता खुशबू सुंदर ने 2018 में अपने एक ट्वीट में लिखा था, 'हर 'मोदी' के आगे भ्रष्टाचारी सरनेम लगा हुआ है', 'मोदी' मतलब भ्रष्टाचार' है। ये ट्वीट अब वायरल हो रहा है।

Khushbu Sundar News: कांग्रेस नेता राहुल गांधी की संसद की सदस्यता रद्द होने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता खुशबू सुंदर (Khushbu Sundar) सुर्खियों में आ गई हैं। असल में भाजपा नेता खुशबू सुंदर का एक पांच साल पुराना ट्वीट वायरल हो रहा है। एक्ट्रेस से नेता बनीं खुशबू सुंदर ने उस ट्वीट में लिखा था, 'हर 'मोदी' के आगे भ्रष्टाचारी सरनेम लगा हुआ है', 'मोदी' मतलब भ्रष्टाचार'। खुशबू सुंदर के इस ट्वीट के स्क्रीनशॉट को कई कांग्रेस नेताओं और उनके कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया पर इसे शेयर किया है। खुशबू सुंदर इस ट्वीट को लेकर ट्रोल हो रही हैं।

5 साल पुराने ट्वीट में'मोदी'के लिए क्या लिखा था खुशबू सुंदर ने?
साल 2018 में खुशबू सुंदर जब कांग्रेस पार्टी में थीं तो उन्होंने मोदी के खिलाफ ट्वीट किया था। खुशबू सुंदर ने अपने ट्वीट में लिखा था, ''यहां 'मोदी' वहां 'मोदी' जहां देखो 'मोदी'...लेकिन ये क्यों? हर 'मोदी' के आगे भ्रष्टाचारी सरनेम लगा हुआ है। '#मोदी मतलब भ्रष्टाचार...।' आइए इसके अर्थ को बदलें।'
जैसे ही राहुल गांधी की संसद सदस्यता रद्द हुई, सोशल मीडिया पर ये ट्वीट वायरल होने लगा। कई कांग्रेस सोशल मीडिया हैंडल ने ट्वीट के स्क्रीनशॉट को साझा किया और सवाल किया कि क्या गुजरात के मंत्री पूर्णेश मोदी खुशबू सुंदर के खिलाफ मामला दर्ज करेंगे, जो अब एक भाजपा नेता और राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य हैं।

'मोदी जी, क्या आप खुशबू सुंदर पर मानहानि का मुकदमा करवाएंगें...'
खुशबू सुंदर के ट्वीट को शेयर करते हुए कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने लिखा, ''मोदी दी, क्या आप खुशबू सुंदर पर भी मानहानि का मुकदमा मोदी नाम वाले अपने किसी शिष्य से दायर करवाएंगे? अब तो वे भाजपा की सदस्य हैं। देखते हैं। धन्यवाद।''
तमिलनाडु कांग्रेस ने ट्विटर हैंडल पर लिखा, ''बीजेपी नेता खुशबू सुंदर ने कहा कि सभी भ्रष्टाचारियों का सरनेम 'मोदी' होता है...!! भाजपा नेता के खिलाफ मानहानि का मुकदमा कब दर्ज होने वाला है? उनसे उनका पावर कब छीना जा है?''

खुशबू सुंदर ने न ट्वीट डिलीट किया और ना ही कोई कमेंट किया
सोशल मीडिया पर जबरदस्त ट्रोलिंग होने के बाद भी खुशबू सुंदर ने अपने पुराने ट्वीट पर न तो कोई कमेंट किया है और न ही इसे डिलीट किया है। लोकसभा से राहुल गांधी के निलंबन पर खुशबू सुंदर ने शुक्रवार को एक ट्वीट किया था। खुशबू सुंदर ने लिखा था, ''उन्होंने (राहुल गांधी) कुछ दिन पहले कहा था कि वह दुर्भाग्य से सांसद हैं। उनकी बातें सच हुई हैं। इस कहानी से यही सीख मिलती है कि...'कारात्मक सोचें। नकारात्मकता आपको कहीं नहीं ले जाती है।"
एक अन्य ट्वीट में खुशबू सुंदर ने कहा, ''मनमोहन सिंह जी 2013 में पारित सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर एक अध्यादेश लाना चाहते थे। लेकिन राहुल गांधी ने इसे फाड़ दिया था। विडंबना तो देखिए, उनकी अयोग्यता उसी फैसले से आई है। कर्म ही सबसे बड़ा है।''












Click it and Unblock the Notifications