कंझावला केस में शालिनी सिंह पर यूं ही नहीं किया अमित शाह ने भरोसा, जानिए कौन हैं तेज तर्रार महिला IPS अफसर
कंझावला केस ने दिल्ली वालों में आक्रोश भर दिया है, मामले की गंभीरता को देखते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने व्यक्तिगत रूप से कहा कि दिल्ली पुलिस की वरिष्ठ अधिकारी आईपीएस शालिनी सिंह इस केस की जांच करेंगी।

Who is IPS officer Shalini Singh: दिल्ली के कंझावला एक्सीडेंट मौत मामले की जांच दिल्ली पुलिस की विशेष सीपी शालिनी सिंह कर रही हैं। गृह मंत्री अमित शाह ने खुद फोन कर और आदेश जारी कर दिल्ली स्पेशल सीपी शालिनी सिंह को इस मामले का जांच अधिकारी बनाया है और गृह मंत्रालय ने कंझावला कांड पर जल्द से जल्द एक फाइनल रिपोर्ट मांगी है। इस केस ने दिल्ली वालों में आक्रोश भर दिया है, मामले की गंभीरता को देखते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने व्यक्तिगत रूप से कहा कि दिल्ली पुलिस की वरिष्ठ अधिकारी आईपीएस शालिनी सिंह इस केस की जांच करेंगी और एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेंगी। बता दें कि गृह मंत्री अमित शाह ने यूं ही इस केस के लिए महिला अफसर शालिनी सिंह पर भरोसा नहीं किया है। शालिनी सिंह दिल्ली पुलिस में एक तेज तर्रार अफसर के तौर पर जानी जाती हैं। आइए जानें कौन हैं आईपीएस अफसर शालिनी सिंह और कौन-कौन से केस उन्होंने लीड किए हैं।

कौन हैं IPS अधिकारी शालिनी सिंह?
आईपीएस अधिकारी शालिनी सिंह ने अपने पूरे करियर में कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है। शालिनी सिंह 1996 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं। IPS अफसर शालिनी सिंह फिलहाल दिल्ली पुलिस में आर्थिक अपराध शाखा (EOW) की स्पेशल कमिश्नर हैं। शालिनी पहले ज्वाइंट सीपी वेस्टर्न रेंज थीं।
दिल्ली में 1 जुलाई, 1978 को आयुक्तालय प्रणाली को अपनाने के बाद से शालिनी सिंह पिछले चार दशकों में दिल्ली पुलिस रेंज की प्रमुख बनने वाली पहली महिला अधिकारी हैं।

इन मामलों को लेकर चर्चा में आई थीं शालिनी सिंह
ज्वाइंट सीपी वेस्टर्न रेंज के पद पर रहते हुए शालिनी सिंह ने किसान आंदोलन के लिए दिल्ली पुलिस की रणनीति बनाई थी। किसान आंदोलन की सिक्योरिटी की जिम्मेदारी का काम शालिनी सिंह का था।
किसान आंदोलन के अलावा दिल्ली के खयाला इलाके में जब सांप्रदायिक तनाव की अफवाह फैली थी तो इसको रोकने के लिए शालिनी सिंह ने लाउडस्पीकर का इस्तेमाल किया था। उन्होंने खुद इस तनाव को शांत करने का मोर्चा संभाला था। वो सड़कों पर उतरकर लाउडस्पीकर से खुद को लोगों को सच बताते देखी गई थीं।

बतौर DCP और IB में भी किया है शालिनी सिंह ने काम
आईपीएस शालिनी सिंह काफी वक्त से दिल्ली में काम कर रही हैं। शालिनी सिंह ने साउथ वेस्ट और साउथ ईस्ट के लिए DCP के तौर पर भी काम किया है। शालिनी सिंह की इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) में भी पोस्टिंग हुई थी। आईबी में भी शालिनी सिंह को अहम जिम्मेदारी सौंपी गई थी। उन्होंने पांडिचेरी और अंडमान द्वीप समूह में भी अपनी सेवाएं दी हैं।

हरनाम सिंह हत्या का मामला भी सुलझाया था
आईपीएस शालिनी सिंह ने साल 2004 में वरिष्ठ स्टेशन लेफ्टिनेंट जनरल हरनाम सिंह और उनकी पत्नी के हत्या का भी मामला सुलझाया था। उस वक्त सीनियर सिटीजन लेफ्टिनेंट जनरल हरनाम और उनकी पत्नी की हत्या का मामला सुर्खियों में था। मामला जैसी ही हाइप हुआ केस शालिनी सिंह को सौंपी गई। इस हत्याकांड का आरोपी नेपाल सीमा पर पकड़ा गया था।

शालिनी के पति भी हैं IPS
शालिनी के पति अनिल शुक्ला भी आईपीएस हैं। अनिल शुक्ला पहले एनआईए में तैनात थे और मुंबई एंटीलिया मामले की देखरेख कर रहे था। दिल्ली पुलिस में रहते हुए शालिनी सिंह को क्राइम के मामलों को सुलझाने का बहुत एक्सपीरियंस है।
शालिनी सिंह की दो बेटियां हैं। उनका परिवार हमेशा से उनके कामों में सहयोग करता रहा है।

कोरोना लॉकडाउन के दौरान 16-18 घंटे शालिनी सिंह करती थीं काम
रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली में लगे कोरोना वायरस लॉकडाउन के दौरान भी शालिनी सिंह ने बेहतरीन काम किया है। उन्हें काम के दौरान अपने घर जाने की भी चिंता नहीं रहती थी। शालिनी सिंह ने मई 2020 में दिए अपने एक इंटरव्यू में कहा था, ''लॉकडाउन के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखना कोई समस्या नहीं है। मैं हमेशा बस ये सुनिश्चित करना चाहती थी कि मेरे अधिकार क्षेत्र में रहने वाला कोई भी व्यक्ति आवश्यक वस्तुओं के बिना न रहे।'' शालिनी सिंह लॉकडाउन के दौरान हर रोज औसतन 16 से 18 घंटे की ड्यूटी लगाकर पुलिस बल का नेतृत्व करती थीं।












Click it and Unblock the Notifications