15 मिनट के रोल में ही 'गाड़ दिया झंडा', जानिए कौन हैं Family Man-2 के 'चेल्लम सर'
इस सीरीज में एक किरदार ऐसा भी है, जिसे इस सीरीज का रियल हीरो बताया जा रहा है और वो किरदार है चेल्लम सर का...
नई दिल्ली, 8 जून: अमेजन प्राइम पर रिलीज हुई अभिनेता मनोज बाजपेयी की वेब सीरीज 'फैमिली मैन' के सीजन-2 को दर्शकों की तरफ से जबरदस्त प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं। फैमिली मैन सीजन-2 में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई की मदद से श्रीलंका के तमिल विद्रोहियों के भारत में एक बड़े हमले को अंजाम देने की कहानी को दिखाया गया है। सीरीज में जहां मुख्य किरदार के तौर पर मनोज बाजपेयी और दक्षिण भारतीय फिल्मों की अभिनेत्री सामंथा अक्किनेनी की तारीफ हो रही हैं, वहीं एक किरदार ऐसा भी है, जिसे इस सीरीज का रियल हीरो बताया जा रहा है। वो किरदार है चेल्लम सर का, जिसे अभिनेता उदयभानु महेश्वरन ने निभाया है। आइए जानते हैं कि कौन हैं 'चेल्लम सर' और क्यों हो रही उनके किरदार की इतनी चर्चा?
Recommended Video

फैमिली मैन-2 में क्या है 'चेल्लम सर' का किरदार?
फैमिली मैन के सीजन-2 में इंडियन एजेंसी 'टास्क' के एजेंट श्रीकांत तिवारी (मनोज बाजपेयी) इस बार अपनी टीम के साथ मिलकर श्रीलंकाई विद्रोहियों के उस हमले को नाकाम करने की कोशिश में जुटे हैं, जिसे वो पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई की मदद से अंजाम देना चाहते हैं। हमले का टारगेट हैं प्रधानमंत्री बासु और उन्हें बचाने की श्रीकांत तिवारी की कोशिश में जब-जब कोई मुश्किल आती है तो मदद के लिए खड़े हो जाते हैं चेल्लम सर। फैमिली मैन-2 में चेल्लम सर का पूरा किरदार महज 15 मिनट का है, लेकिन इस छोटे से टाइम में ही वो सब पर भारी पड़े हैं।

जहां सारे रास्ते बंद, वहां काम आते हैं चेल्लम सर
दरअसल चेल्लम सर 'रॉ' के एक एजेंट थे, जो अब रिटायर हो चुके हैं, और जिन्हें श्रीलंकाई विद्रोहियों की नस-नस की जानकारी है। श्रीलंका में छिड़े सिविल वॉर के वक्त चेल्लम सर वहीं एक ऑपरेशन पर थे। फैमिली मैन-2 में जब भी मनोज बाजपेयी को लगता है कि सारे रास्ते बंद हो चुके हैं, ठीक उसी वक्त चेल्लम सर को किया गया एक फोन रास्ता खोल देता है। ऐसे में सोशल मीडिया पर लोग चेल्लम सर को ही फैमिली मैन-2 का रियल हीरो बता रहे हैं।

किसने निभाया है चेल्लम सर का किरदार
चेल्लम सर के किरदार को फैमिली मैन-2 में निभाया है तमिल फिल्मों के अभिनेता और जाने-माने निर्देशक उदयभानु महेश्वरन ने। अभिनेता के तौर पर उदयभानु को स्टार विजय टेलीविजन सीरीज 'ऑफिस' में विश्वनाथन के किरदार से काफी सुर्खियां मिलीं। तमिल फिल्मों के अलावा उदयभानु महेश्वरन ने हिंदी फिल्म मद्रास कैफे और सीरियस मैन में भी काम किया है। उदयभानु ने 2006 में आई तमिल फिल्म 'नालई' के जरिए निर्देशन की दुनिया में कदम रखा और इसके बाद एक और तमिल फिल्म 'चक्कारा वियुगम' का निर्देशन किया।

सोशल मीडिया पर छाए हैं चेल्लम सर
फैमिली मैन-2 में अपने किरदार को लेकर चेल्लम सर यानी उदयभानु महेश्वरन सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं। कोई उन्हें दूसरा गूगल बता रहा है तो कोई डब्ल्यूएचओ और सीआईए को चेल्लम सर से मदद लेने की सलाह दे रहा है। अनिकेत मिश्रा नाम के यूजर ने चेल्लम सर का फोटो शेयर करते हुए लिखा है, 'क्या कोई मुझे समझा सकता है कि चेल्लम सर को मेडल क्यों नहीं मिला, जो फैमिली मैन-2 सीरीज के असली हीरो हैं। कोई याचिका दाखिल करो, चेल्लम सर को मेडल मिलना ही चाहिए।' वहीं, वरुण आर्यन ने लिखा है, 'डब्ल्यूएचओ और सीआईए ये काम तुमसे ना हो पाएगा...कोरोना वायरस की उत्पत्ति जानने के लिए चेल्लम सर से संपर्क करिए। उन्हें सब पता है।'

'वास्तव में चेल्लम सर एक वीपीएन हैं'
इनके अलावा सागर नाम के यूजर ने अपने हैंडल पर चेल्लम सर की फोटो शेयर करते हुए लिखा, 'जो जानकारी किसी के पास नहीं होती, चेल्लम सर उस जानकारी का एक्सेस दे देते हैं...वास्तव में चेल्लम सर एक वीपीएन हैं।' वहीं, सिद्धार्थ सेतिया ने लिखा है, 'केवल चेल्लम सर ही वास्तव में आपको बता सकते हैं कि पीएम केयर्स फंड का पैसा कहां खर्च हुआ।'

राजी के किरदार में सामंथा का जवाब नहीं
फैमिली मैन-2 में जहां श्रीकांत तिवारी के तौर पर मनोज बाजपेयी ने कमाल का अभिनय किया है, वहीं श्रीलंकाई तमिल विद्रोही राजलक्ष्मी उर्फ राजी के किरदार में साउथ की अभिनेत्री सामंथा अक्किनेनी भी छाई हुई हैं। अपने नेता भास्करन के कहने पर राजी भारत की प्रधानमंत्री बासु के ऊपर एक हमला प्लान करती हैं, जिसे श्रीकांत तिवारी नाकाम करने की कोशिश में जुट जाते हैं। इस मिशन के दौरान श्रीकांत तिवारी को अपने परिवार की कुछ समस्याओं से भी जूझना पड़ता है।












Click it and Unblock the Notifications