कौन हैं BJP के अमित मालवीय? जिनपर RSS मेंबर ने लगाया 'यौन शोषण' का आरोप, 10 करोड़ का मुकदमा भी दायर
BJP IT Cell chief Amit Malviya: भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय पर आरएसएस (RSS) के एक सदस्य ने महिलाओं के साथ 'यौन शोषण' करने का आरोप लगाया है। ये विवाद अब बढ़ता जा रहा है। भाजपा के जाने-माने नेता अमित मालवीय अब इस मामले के सामने आने के बाद ट्रेंड करने लगे हैं।
वहीं मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने आज (10 जून) अमित मालवीय के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। महिलाओं के लिए न्याय पर जोर देते हुए कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा अमित मालवीय को उनके पद से भी हटाया जाना चाहिए, ताकि निष्पक्ष जांच हो।

दूसरी ओर अमित मालवीय ने आरएसएस सदस्य को नोटिस भेजकर माफी मांगने और 10 करोड़ रुपये का हर्जाना भरने के लिए मुकदमा भी दायर कर दिया है।
अमित मालवीय पर 'यौन शोषण' का आरोप किसने लगाया?
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक आरएसएस के एक सदस्य शांतनु सिन्हा (Shantanu Sinha) ने अमित मालवीय पर महिलाओं के यौन शोषण में "संलिप्त" होने का आरोप लगाया है। शांतनु सिन्हा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट में आरोप लगाया कि अमित मालवीय ने पश्चिम बंगाल में रहने के दौरान महिलाओं का यौन उत्पीड़न किया है।
कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "भाजपा नेता राहुल सिन्हा से जुड़े आरएसएस सदस्य शांतनु सिन्हा ने कहा है कि भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय नापाक गतिविधियों में लिप्त हैं। वह महिलाओं के यौन शोषण में लिप्त हैं। सिर्फ 5 स्टार होटलों में ही नहीं, बल्कि पश्चिम बंगाल के भाजपा कार्यालयों में भी, उन्होंने महिलाओं का यौन शोषण किया है।''
अमित मालवीय ने दायर किया 10 करोड़ का मुकदमा
अमित मालवीय ने आरएसएस सदस्य शांतनु सिन्हा पर मानहानि के लिए 10 करोड़ रुपये का मुकदमा दायर किया है। अमित मालवीय ने अपने कानूनी नोटिस में मांग की है कि शांतनु सिन्हा "झूठे और अपमानजनक" पोस्ट हटाए।
अमित मालवीय ने नोटिस में लिखा है, ''आरोपों की प्रकृति बेहद आपत्तिजनक है। ये यौन दुराचार का झूठा आरोप है। ये मेरी गरिमा और प्रतिष्ठा के लिए घातक रूप से हानिकारक है। ये मेरे पेशेवर प्रोफाइल के लिए खतरनाक है।''
अमित मालवीय विवाद: कांग्रेस की क्या है मांग?
कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने 10 जून को किए अपने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा है कि, ''हम भाजपा से एक चीज की मांग करते हैं, महिलाओं के लिए न्याय। प्रधानमंत्री मोदी के शपथ ग्रहण समारोह के 24 घंटे से भी कम समय में भाजपा के आईटी सेल के प्रमुख के खिलाफ यौन शोषण के गंभीर आरोप सामने आए हैं।"
उन्होंने कहा, "आज हम अमित मालवीय को उनके पद से तत्काल हटाने की मांग करते हैं। यह एक अत्यंत प्रभावशाली पद है। जब तक वह इस पद पर रहेंगे, निष्पक्ष जांच नहीं हो पाएगी।''
कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा है कि,
''सवाल यह है कि- BJP की IT सेल है या दरिंदों का जमावड़ा। महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराध में हर बार आरोपी BJP का नेता ही क्यों होता है? BJP के पदाधिकारी पर गंभीर आरोप लगे हैं, लेकिन पूरी BJP चुप है। ऐसे आरोपों पर खामोशी का सच क्या है, आखिर इस पदाधिकारी को क्यों और किसके कहने पर बचाया जा रहा है? नरेंद्र मोदी किस मुंह से महिला संरक्षण की बात करते हैं, जब वह हमेशा संरक्षण आरोपी को देते हैं।''
Who is Amit Malviya: कौन हैं अमित मालवीय
- अमित मालवीय भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आईटी सेल के राष्ट्रीय संयोजक के रूप में कार्यरत हैं। अमित मालवीय सोशल मीडिया पर काफी मशहूर हैं और इनके फॉलोअर्स लाखों में हैं।
- रिपोर्ट के मुताबिक, अमित मालवीय प्रयागराज उत्तर प्रदेश से हैं। उन्होंने दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट से बीबीएम और सिम्बायोसिस इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी से पीजीडीएम फाइनेंस मैनेजमेंट की पढ़ाई की है।
- अमित मालवीय ने कई सालों तक बैंकिंग सेक्टर में काम किया है।
- अमित मालवीय ने 2009 में 'फ्रेंड्स ऑफ बीजेपी' फोरम के जरिए भाजपा में प्रमुखता हासिल की। इसके बाद उन्हें 2015 में भाजपा आईटी सेल का प्रमुख बनाया गया था।












Click it and Unblock the Notifications