'कौन बनेगा करोड़पति जैसा है कौन बनेगा मुख्यमंत्री', CM के चयन में देरी पर भूपेश बघेल ने BJP पर कसा तंज
हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने बंपर जीत दर्ज की। चुनाव परिणाम आने के करीब एक सप्ताह बाद भी बीजेपी ने अभी तक मुख्यमंत्रियों का ऐलान नहीं किया है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान को अभी तक मुख्यमंत्री नहीं मिला है। मुख्यमंत्री चुनाव में देरी पर छत्तीसगढ़ के कार्यवाहक सीएम भूपेश बघेल ने बीजेपी पर निशाना साधा है।
भूपेश बघेल ने कहा कि राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में कौन बनेगा मुख्यमंत्री का सवाल,कौन बनेगा करोड़पति जैसा सस्पेंस बन गया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने परिणाम आने के इतने दिनों बाद भी मुख्यमंत्री का ऐलान नहीं कर पाई है। कौन बनेगा करोड़पति जैसा है, कौन बनेगा मुख्यमंत्री।

बीजेपी ने मुख्यमंत्री के नामों की घोषणा करने के लिए तीनों राज्यों में पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है। साथ ही पार्टी हाईकमान की लगातार बैठकें हो रही हैं। केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, पार्टी महासचिव विनोद तड़वे, वरिष्ठ राज्यसभा सांसद सरोज पांडे राजस्थान के पर्यवेक्षक हैं।
मध्य प्रदेश में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, आशा लाकड़ा और राज्यसभा सांसद पर्यवेक्षक बनाया गया है। छत्तीसगढ़ में अर्जुन मुंडा, सर्बानंद सोनोवाल और पार्टी महासचिव दुष्यनि गौतम शामिल हैं।
राजस्थान में मुख्यमंत्री के प्रबल दावेदार में वसुंधरा राजे हैं। साथ ही बालक नाथ, दिया कुमारी और राज्यवर्धन सिंह राठौर का नाम भी शामिल है। इनके नामों पर भी काफी चर्चा हो रही है। राजस्थान के घटनाक्रम पर सबसे अधिक नजर रखी जा रही है, क्योंकि वसुंधरा के बेटे और सांसद दुष्यंत सिंह पर भाजपा विधायकों को एक रिसॉर्ट में ले जाने का आरोप लगाया गया है।
तीन राज्यों में सीएम के नाम में देरी से बीजेपी और कांग्रेस के बीच वाकयुद्ध शुरू हो गया है। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि नामों का खुलासा सोमवार को किया जाएगा। अनुराग ठाकुर ने कहा कि हम सोमवार को अशोक गहलोत जी की इच्छा पूरी करेंगे। राजस्थान ने उनके पांच साल के शासन के दौरान भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और आंतरिक संघर्ष देखा है। उन्हें अब शांति से बैठना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications