Pappu Yadav पर हमला करने वाले दोनों आरोपी कौन? पुलिस हिरासत में सुमित और हैप्पी शर्मा ने क्या कहा?
Who Attacked Pappu Yadav: पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव की दिल्ली स्थित सरकारी आवास पर हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस अचानक हंगामे में बदल गई। प्रेस वार्ता के दौरान दो युवक सवाल पूछने के लिए खड़े हुए और कुछ ही मिनटों में वहां धक्का-मुक्की, मारपीट और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि एक युवक चाकू लेकर उन पर हमला करने आया था, जबकि आरोपी पक्ष ने इस दावे को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि उनके पास कोई हथियार नहीं था। उन्होंने केवल सवाल पूछे थे।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों की पहचान सुमित शर्मा और हैप्पी शर्मा के रूप में की है। पुलिस के अनुसार, सुमित शर्मा पर चाकू लेकर आने का आरोप है। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं, हैप्पी शर्मा की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि क्या उसी ने पप्पू यादव की ओर चप्पल फेंकी थी। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस दोनों से जुड़े सभी तथ्यों की पुष्टि कर रही है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कैसे शुरू हुआ विवाद?
जानकारी के मुताबिक, पप्पू यादव अपने दिल्ली स्थित आवास पर मीडिया से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान दो युवक वहां पहुंचे और संसद में भगवा वस्त्र पहनकर किए गए उनके विरोध प्रदर्शन को लेकर सवाल पूछने लगे। वीडियो में एक युवक कहता है कि भगवा वस्त्र पहनकर भगवान राम की मूर्ति किसी दूसरे व्यक्ति के पैरों में रखना सही नहीं है। इस पर पप्पू यादव ने उससे पूछा, "आप कौन हैं?" कुछ ही देर बाद माहौल बिगड़ गया और वहां मौजूद लोगों के बीच झड़प शुरू हो गई।
ये भी पढ़ें: Pappu Yadav Shoe Attack: राम मंदिर विवाद के बीच पप्पू यादव पर हमला, प्रेस कॉन्फ्रेंस में फेंका जूता, आरोपी कौन
पप्पू यादव का दावा- 'चाकू लेकर हमला करने आया था'
घटना के बाद पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि युवक उनके घर के अंदर घुसकर चाकू से हमला करने आया था। उन्होंने कहा कि उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं और यह हमला भी उसी साजिश का हिस्सा हो सकता है। उन्होंने कहा कि वहां मौजूद लोगों की वजह से वह बच गए। पप्पू यादव ने यह भी दावा किया कि जब कथित हमलावर की पिटाई हो रही थी, तब उन्होंने खुद उसे बचाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि इस घटना से वह डरने वाले नहीं हैं और पहले भी कई FIR दर्ज करा चुके हैं।
आरोपी हैप्पी शर्मा ने क्या कहा?
घटना में शामिल बताए जा रहे हैप्पी शर्मा ने पप्पू यादव के आरोपों को गलत बताया। उनका कहना है कि वह और उनके साथी बुलंदशहर से आए थे और सुरक्षा जांच के बाद ही अंदर जाने दिया गया था। उनके मुताबिक, अगर उनके पास कोई हथियार होता तो सुरक्षा जांच में ही पकड़ लिया जाता।
हैप्पी शर्मा ने कहा कि उन्होंने सिर्फ इतना पूछा था कि पप्पू यादव साधु-संतों और भगवा वस्त्रों का अपमान क्यों कर रहे हैं। उनका आरोप है कि सवाल पूछते ही पप्पू यादव और उनके समर्थकों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने कहा कि उनके साथी सुमित को पुलिस अपने साथ ले गई। हैप्पी शर्मा ने चाकू रखने के आरोप से इनकार किया, लेकिन माना कि मारपीट के बाद गुस्से में उन्होंने चप्पल जरूर फेंकी थी।
समर्थकों का आरोप
पप्पू यादव के साथ मौजूद लोगों का कहना है कि युवक ने धारदार हथियार से हमला करने की कोशिश की थी। वहीं, कुछ समर्थकों ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान दिल्ली पुलिस कथित हमलावर को बचाने की कोशिश कर रही थी। घटना के वीडियो में पुलिसकर्मी दोनों पक्षों को अलग करते और युवक को भीड़ से निकालते हुए दिखाई देते हैं।
ये भी पढ़ें: 'Pappu Yadav का सिर काटकर लाने वाले को 51 लाख का इनाम', किसने किया ऐलान? लखनऊ समेत 3 शहरों में FIR दर्ज


Click it and Unblock the Notifications
