'लाठी खा रहे थे युवा,नेता खा रहे थे बर्गर',विजेता दहिया ने बताया संसद मार्च क्यों छोड़ चले गए थे? दे रहे सफाई
दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के 'संसद चलो' प्रदर्शन के दौरान जब हजारों युवा पुलिस की लाठियों का सामना कर रहे थे, तब मौके पर सीजेपी के प्रवक्ता कहीं दिखाई नहीं दे रहे थे। हालांकि जंतर-मंतर पर फाउंडर अभिजीत दीपके एक ट्रक के अंदर डटे जरूर रहे, लेकिन पार्टी के बड़े चेहरों ने सामने से आकर पूरे मार्च का नेतृत्व नहीं किया।
सबसे ज्यादा इस मुद्दे को लेकर ट्रोलिंग सीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता विजेता दहिया की हो रही है। जब जंतर-मंचर पर प्रदर्शन में बवाल चल रहा था तो ठीक उसी वक्त का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा, जिसमें वह एक रेस्टोरेंट में बर्गर खाते दिखे। जब लोगों ने उनसे मार्च छोड़कर जाने पर सवाल दागे, तो उन्होंने चुप्पी साध ली। अब बढ़ते विवाद के बाद विजेता दहिया ने इस पर खुद सामने आकर जवाब दिया है।

विजेता दहिया आखिर संसद मार्च छोड़कर कहां निकल गए थे?
संसद मार्च से गायब होने के सवाल पर एक यूट्यूब चैनल से बातचीत में विजेता दहिया ने कहा कि वह मार्च में शामिल हुए थे। उन्होंने रात में ही प्रदर्शनकारियों को बैरिकेड्स पर न चढ़ने की हिदायत दी थी। इंटरनेट बंद होने के कारण उन्हें लगा कि मार्च पूरा हो गया है, इसलिए वह नहाने-धोने के लिए घर चले गए।
विजेता दहिया ने कहा,
"जो लोग मौके पर थे, वे जानते हैं कि मैं दो रातों से वहीं डटा हुआ था। मुझे लगा कि मार्च हो गया है, तो घर जाकर फ्रेश होकर लौटता हूं ताकि रात को जरूरत पड़ने पर रुक सकूं। जो लोग कभी जंतर-मंतर आए ही नहीं, वही इस बात का बवंडर बना रहे हैं। जमीनी स्तर पर लड़ रहे प्रदर्शनकारियों को मुझसे कोई दिक्कत नहीं है।"
'बर्गर खाने गया था क्योंकि...' इंस्टाग्राम पर वीडियो डालकर विजेता दहिया ने निकाला भड़ास?
सोशल मीडिया पर ट्रोल होने के बाद विजेता दहिया ने इंस्टाग्राम पर एक और वीडियो जारी कर ट्रोलर्स को करारा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि दो रातों से न सोने की वजह से उन्हें तेज भूख लगी थी और कुछ अच्छा खाने का मन था।
विजेता दहिया का कहना है,
"मैं बर्गर खाने गया था क्योंकि मुझे बहुत भूख लगी थी। जब इंसान को भूख लगती है, तो वह खाना खाता है। कोई सामान्य इंसान बर्गर खाए तो दिक्कत नहीं, लेकिन देश के मुद्दे उठाने वाला खा ले तो बवंडर खड़ा कर दिया जाता है। प्रदर्शनकारी बर्गर खा ले या किसान पिज्जा खा ले, तो लोगों को पेट में दर्द होने लगता है। क्या मुझे कोई सैलरी मिलती है? डेढ़ महीने से इस काम में लगा हूं और अपना एक रुपये का काम नहीं कर पाया।"
उन्होंने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर बैठे लोग बिना पूरी जानकारी के टिप्पणी कर रहे हैं, जबकि धरने पर मौजूद लोगों को पता है कि वह लगातार आंदोलन में सक्रिय थे।
"क्या CJP प्रवक्ताओं को चोट नहीं लगी?"
इस आरोप पर कि लाठियां सिर्फ आम प्रदर्शनकारियों ने खाईं और नेताओं को कुछ नहीं हुआ, विजेता दहिया ने कड़ा ऐतराज जताया। उन्होंने साफ किया कि उनकी टीम के रमित के सिर में गंभीर चोट आई है। अभिजीत दीपके पर थप्पड़ चला और उनके चेहरे पर स्याही फेंकी गई।
विजेता दहिया ने दावा किया कि उन्हें भी कुछ लोगों ने घेर लिया था और बीते डेढ़ महीने से उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग उनके संघर्ष को समझते हैं, वे उनसे मिलकर प्यार जताते हैं और छोले-भटूरे खिलाना चाहते हैं।
संसद मार्च सफल रहा या नहीं?
मार्च की सफलता पर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए विजेता दहिया ने कहा कि किसी आंदोलन को सिर्फ मंजिल तक पहुंचने से नहीं आंका जाना चाहिए। उन्होंने कहा, "हर वह कदम सही है जो सही मकसद के लिए उठाया जाए। सवाल यह नहीं है कि संसद तक पहुंचे या नहीं। असली सवाल यह है कि सरकार लोगों की बात क्यों नहीं सुन रही।"
इंस्टाग्राम वीडियो के आखिर में विजेता दहिया ने आलोचकों पर तंज भी कसा। उन्होंने कहा कि पिछले डेढ़ महीने से वह बिना किसी आर्थिक लाभ के आंदोलन में लगे हुए हैं। उनका कहना है, "मुझसे इस तरह जवाब मांगा जा रहा है जैसे आपने मुझे नौकरी पर रखा हो। डेढ़ महीने से मैं इसी आंदोलन में लगा हूं। कोई कमाई नहीं हुई। जो लोग जमीन पर हैं, उन्हें सब पता है। बाहर बैठे लोग सिर्फ बातें बना रहे हैं।"
अब आगे क्या? (What's Next)
दिल्ली में पहले दिन हुए हंगामे के बाद CJP ने साफ कर दिया है कि संसद मार्च का अभियान अभी खत्म नहीं हुआ है। ऐसे में अब सबकी नजर आंदोलन के अगले चरण और संगठन की रणनीति पर रहेगी। वहीं सोशल मीडिया पर विजेता दहिया की सफाई के बाद भी बहस थमती नजर नहीं आ रही।


Click it and Unblock the Notifications
