500 से ज्यादा फिल्म कर चुके अनुपम खेर को नहीं पहचान पाया ये शख्स, अभिनेता बोले- चुल्लू भर पानी में डूब जाऊं
500 से ज्यादा फिल्म कर चुके अनुपम खेर को नहीं पहचान पाया ये शख्स, अभिनेता बोले- चुल्लू भर पानी में डूब जाऊं
मुंबई, 24 जून: बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर 500 से अधिक फिल्मों में काम कर चुके हैं। लेकिन फिर भी हिमाचल प्रदेश के एक स्थानीय निवासी ने अनुपम खेर को पहचानने से इनकार कर दिया। जिसका वीडियो अनुपम खेर ने रियलिटी चेक के नाम से अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर शेयर किया है। अनुपम खेर इन दिनों अपने होमटाउन शिमला में वक्त बिता रहे हैं। अनुपम खेर ने अपने वीडियो में बताया है कि जब वह सुबह मॉर्निंग वॉक के निकले तो उन्हें वहां के एक स्थानीय निवासी पहचान नहीं पाया। अनुपम खेर ने मास्क उतारकर भी उस शख्स को अपना चेहरा दिखाया लेकिन उसने पहचाने से साफ इनकार कर दिया। अनुपम खेर का नाम वह शख्स नहीं बता पाए।

अनुपम खेर बोले- मैं चुल्लू भर पानी में डूब सकता हूं
इस वीडियो में अनुपम खेर जब मॉर्निंग वॉक पर निकलते हैं, तो उन्हें एक शख्स मिलता है। अनुपम खेर ने शख्स से पूछा कि आपका नाम क्या है तो उस आदमी ने अपना नाम ज्ञानचंद बताया। अनुपम खेर ने इसके बाद उस शख्स से पूछा- कि क्या आप मुझे पहचानते हैं, मेरा नाम जानते हैं, इसपर शख्स ने जवाब दिया, नहीं। इसके बाद अनुपम खेर ने अपना मास्क उतार दिया और कहा कि क्या अब आप मुझे पहचान रहे हैं। उसके बाद फिर से शख्स ने कहा- सर, आपका नाम याद नहीं आ रहा है। इसके बाद अनुपम खेर ने मजेदार अंदाज में कहा, ''मुझे तो अब ऐसा लग रहा है कि मैं चुल्लू भर पानी में डूब सकता हूं।'' अनुपम ने वीडियो को koo ऐप पर भी शेयर किया है।

अनुपम खेर बोले- मेरा तो आत्मविश्वास ही टूट गया है...
अनुपम खेर ने वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, "रियलिटी चेक: मैं हमेशा दुनिया को गर्व से कहता हूं कि मैंने 518 फिल्में की हैं। मुझे लगता है कि हर कोई मुझे जानता है, कम से कम भारत में तो लोग जानते हैं। लेकिन ज्ञानचंद जी ने बहुत ही मासूमियत से मेरा आत्मविश्वास तोड़ दिया है। उन्हें पता नहीं था कि मैं कौन हूं, यह दिल दहला देने वाला था लेकिन फिर भी खूबसूरती से उन्होंने ये एहसास कर दिया कि वह मुझे नहीं जानते हैं। मेरे पैर जमीन पर रखने में मेरी मदद करने के लिए धन्यवाद मेरे दोस्त!''

अनुपम खेर ने इन शानदार फिल्मों में किया है काम
66 वर्षीय अभिनेता अनुपम खेर ने सारांश, राम लखन, लम्हे, डर, दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे, मैंने गांधी को नहीं मारा, बेबी और स्पेशल 26 जैसी कई हिट फिल्मों में काम किया है। उन्हें आखिरी बार 2019 की क्राइम-थ्रिलर वन डे: जस्टिस डिलीवर्ड में देखा गया था। इस फिल्म में अनुपम खेर ने एक सेवानिवृत्त न्यायाधीश की भूमिका निभाई थी। इस फिल्म में अनुपम खेर के साथ ईशा गुप्ता, कुमुद मिश्रा और अनुस्मृति सरकार के साथ सह-अभिनय किया था।












Click it and Unblock the Notifications