जब इस वीडियो क्लिप को देखकर भावुक हुए धर्मेंद्र, कही ये बात
नई दिल्ली। दिग्गज फिल्म स्टार धर्मेंद्र उस वक्त भावुक हो गए जब एक टीवी शो में उन्हें उनके संघर्ष को लेकर एक छोटा सा वीडियो दिखाया गया। जिस तरह से धर्मेंद्र ने पंजाब के एक छोटे से गांव से निकलकर बॉलीवुड में अपनी जगह बनाई थी, उसको लेकर एक छोटा सा वीडियो तैयार किया गया था, जिसे टीवी शो सुपरस्टार सिंगर में दिखाया गया। इस शो में जब धर्मेंद्र ने अपने संघर्ष का वीडियो देखा तो वह भावुक हो गए और अपने आंसुओं को रोक नहीं सके।

धर्मेंद्र के जीवन से जुड़ा वीडियो दिखाया गया
इस वीडियो क्लिप को सोनी टीवी शो पर दिखाया गया था, जिसे देखकर धर्मेंद्र भावुक हो गए। धर्मेंद्र ने पंजाब के सानेवल गांव से अपना सफर शुरू किया था। धर्मेंद्र स्कूल से बंक मारकर रेलवे ट्रैक पर जाया करते थे। उन्हें गाजर का हलवा काफी पसंद था और वह दो खास दुकानों पर लस्सी पीया करते थे। जब वीडियो खत्म होता है तो उसमे दिखाया गया है कि किस तरह से धर्मेंद्र भावुक हो जाते हैं।

भावुक हुए धर्मेंद्र
वीडियो के खत्म होने पर धर्मेंद्र कहते हैं कि रुला दिया यार, तुमने मुझे रुला दिया। यहीं मैं ख्वाब देखता था, यहां आने का। उस पुल पे जाता हूं तो उस पुल से कहता हूं कि धर्मेंद्र तू एक्टर बन गया यार। उस पुल से जाकर कहता हूं कि मेरे ख्वाब पूरे हो गए और इस गांव की मिट्टी के कण कण से जुड़ा हूं। हम वहां पार्टीशन से पहले से रहते थे। मैं तो जज्बाती इंसान हूं, तुम मुझे वहा ले गए जहां मेरे जज्बात उभर के बाहर आ रहे थे।

लोकप्रिय गाने गाए
इस शो में धर्मेंद्र अपने बेटे सनी देओल और पोते करन देओल के साथ फिल्म पल पल दिल के पास का प्रमोशन करने के लिए पहुंचे थे। इस फिल्म के डायरेक्टर सनी देओल हैं, जिसमे उनके बेटे करन बॉलीवुड में अपनी शुरुआत कर रहे हैं। इस शो में तमाम प्रतिभागियों ने सनी देओल और धर्मेंद्र की फिल्म के हिट गाने गाए। बच्चों ने झिलमिल सितारों का आंगन, जब हम जवां होंगे जैसे लोकप्रिय गीत गाए।












Click it and Unblock the Notifications