Udan Yatri Cafe: एयरपोर्ट पर अब 'स्ट्रीट रेट' में मिलेगा नाश्ता! कहां शुरू हुई सर्विस, आपके यहां कब आएगा नंबर?
Udan Yatri Cafe: क्या आपने कभी एयरपोर्ट (Airport) पर पानी की एक बोतल या चाय के कप के लिए बिल चुकाते वक्त अपनी जेब पर 'डाका' डलते महसूस किया है? जरूर किया होगा क्योंकि जब 10 रुपए की चाय के 200 देने हों तो आप क्या कोई भी सकपका जाएगा, लेकिन अब आपको एयरपोर्ट के अंदर महंगे रेस्तरां के सामने से नजरें चुराकर नहीं निकलना पड़ेगा, क्योंकि सरकार ने आम आदमी के 'समोसा प्रेम' और 'चाय की तलब' का ख्याल रखते हुए उड़ान यात्री कैफे (UDAN Yatri Cafe) की शुरुआत कर दी है।
यह सिर्फ एक कैफे नहीं, बल्कि उन करोड़ों यात्रियों के लिए राहत की खबर है जो अब तक एयरपोर्ट की महंगाई से खौफ खाते थे। आइए जानतें हैं किन-किन शहरों में इसकी शुरुआत हो चुकी है और कहां होना बाकी है।

What Is Udan Yatri Cafe: उड़ान यात्री कैफे क्या है?
इस बदलाव की नींव तब पड़ी जब 2024 के संसद सत्र के दौरान राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने एयरपोर्ट पर लूट-खसोट का मुद्दा उठाया था। उन्होंने सवाल किया था कि क्या सरकार एयरपोर्ट पर 'सस्ती कैंटीन' नहीं बना सकती? नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने इस पर अमल किया और जन्म हुआ 'उड़ान यात्री कैफे' का।
Udan Yatri Cafe: कहां-कहां शुरू हो चुका है उड़ान यात्री कैफे?
अगर आप इन शहरों से सफर कर रहे हैं, तो आपको यह सुविधा मिलनी शुरू हो चुकी है:
- कोलकाता (शुरुआत यहीं से हुई): दिसंबर 2024 में नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहला कैफे खुला।
- पुणे: यहां की खासियत यह है कि कैफे पूरी तरह महिला कर्मचारियों द्वारा चलाया जा रहा है।
- चेन्नई और अहमदाबाद: दक्षिण और पश्चिम भारत के इन बड़े हब पर कैफे चालू हैं।
- भुवनेश्वर और विजयवाड़ा: ओडिशा और आंध्र प्रदेश के यात्रियों को राहत मिल रही है।
- इटानगर (होलोंगी): डोनी पोलो एयरपोर्ट पर भी यह सुविधा उपलब्ध है।
- हैदराबाद: जनवरी 2026 से राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भी इसकी शुरुआत हो चुकी है।
Udan Yatri Cafe: उड़ान यात्री कैफे के लिए अगला नंबर किसका?
सरकार का लक्ष्य साल 2026 के अंत तक देश के हर प्रमुख एयरपोर्ट पर कम से कम एक 'उड़ान यात्री कैफे' खोलने का है। मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, अगले 6 महीनों में इन शहरों में काम शुरू होगा:
- 1. दिल्ली (IGIA): टर्मिनल-1 और टर्मिनल-2 पर जल्द शुरुआत की योजना है।
- 2. मुंबई (CSMIA): डोमेस्टिक टर्मिनल्स पर जगह चिह्नित की जा रही है।
- 3. बेंगलुरु और कोच्चि: यहां भी पीपीपी मॉडल के तहत कैफे खोलने की तैयारी है।
- 4. टियर-2 शहर: पटना, जयपुर, और लखनऊ जैसे एयरपोर्ट्स पर इस साल के अंत तक कैफे चालू हो जाएंगे।
Udan Yatri Cafe: मेन्यू ऐसा कि दिल खुश हो जाए!
यहां रेट कार्ड फिक्स है और क्वालिटी पर सख्त नजर है। खास बात यह है कि हर कैफे में एक 'स्थानीय स्वाद' (Local Special) जरूर मिलता है:
Udan Yatri Cafe: उड़ान यात्री कैफे: रेट कार्ड और मेन्यू की खासियत
- चाय (Tea): मात्र ₹10 में उपलब्ध। जैसे कोलकाता एयरपोर्ट पर आपको असली 'कुल्हड़ वाली चाय' का स्वाद मिलता है।
- कॉफी (Coffee): केवल ₹20 में। चेन्नई जैसे शहरों में यात्री बेहतरीन 'फिल्टर कॉफी' का आनंद ले सकते हैं।
- पानी की बोतल (Water Bottle): एयरपोर्ट के अंदर जहाँ पानी ₹50-100 में मिलता था, यहाँ अब सिर्फ ₹10 में उपलब्ध है।
- समोसा (Samosa): गरमा-गरम समोसा मात्र ₹20 में। पुणे एयरपोर्ट पर इसी कीमत में प्रसिद्ध 'वड़ा पाव' भी मेन्यू का हिस्सा है।
- लोकल स्पेशल स्नैक (Regional Taste): क्षेत्र के हिसाब से ₹20 में स्थानीय व्यंजन भी शामिल किए गए हैं। उदाहरण के तौर पर:
- कोलकाता: मीठे के शौकीनों के लिए रसगुल्ला।
- विजयवाड़ा: चटपटी कचौड़ी।
- चेन्नई: कुरकुरी वडाई।
नियम के मुताबिक, हर एयरपोर्ट पर फिलहाल केवल एक ही उड़ान यात्री कैफे खोलने की अनुमति है, ताकि अन्य वेंडर्स का बिजनेस भी प्रभावित न हो, लेकिन आम आदमी को एक सस्ता विकल्प जरूर मिले।












Click it and Unblock the Notifications