National Herald Case: राहुल-सोनिया गांधी पर चार्जशीट से भड़की कांग्रेस, देशभर में प्रदर्शन का ऐलान
National Herald Case: नेशनल हेराल्ड मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सोनिया गांधी, राहुल गांधी, सैम पित्रोदा और सुमन दुबे के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है। वहीं ED के इस कार्रवाई के बाद कांग्रेस पार्टी भड़क गई है।
कांग्रेस ने इसे प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह द्वारा किया गया राजनीतिक प्रतिशोध और डराने की राजनीति करार दिया है।

कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी- जयराम रमेश
इस मामले पर कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि, 'नेशनल हेराल्ड की संपत्तियों को जब्त करना कानून के नाम पर राज्य प्रायोजित अपराध है।'
'सोनिया गांधी, राहुल गांधी और अन्य पर चार्जशीट दायर करना सिर्फ़ राजनीतिक बदले और डराने की साजिश है। प्रधानमंत्री और गृह मंत्री पूरी तरह से बेकाबू हो गए हैं। लेकिन कांग्रेस और उसकी नेतृत्व टीम चुप नहीं बैठेगी। सत्यमेव जयते।'
16 अप्रैल को देशभर में प्रदर्शन का ऐलान
कांग्रेस ने इसे बदले की राजनीति करार दिया है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री और गृहमंत्री को निशाने पर लिया है। साथ ही राहुल गांधी और सोनिया गांधी के खिलाफ चार्जशीट से भड़की कांग्रेस ने बुधवार (16 अप्रैल) को देशभर में ईडी ऑफिस के बाहर प्रदर्शन का ऐलान किया है।
क्या है मामला?
प्रवर्तन निदेशालय ने यह चार्जशीट प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) 2002 की धारा 44, 45 और 3, 4, 70 के तहत दाखिल की है। अब इस मामले पर 25 अप्रैल, 2025 को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में सुनवाई होगी। सुनवाई में कोर्ट यह तय करेगी कि इस मामले में आरोप तय किए जाए या नहीं।
केस डायरी के साथ कोर्ट में उपस्थित होगी ED
वहीं 25 अप्रैल को इस मामले पर सुनवाई होगी। इस दौरान ED के विशेष वकील और जांच अधिकारी को केस डायरी के साथ अदालत में उपस्थित रहना होगा। कोर्ट ने ED को आदेश दिया है कि,वकील केस डायरी के साथ अदालत में उपस्थित हो।
क्या है नेशनल हेराल्ड केस?
साल 2012 में बीजेपी नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुब्रमण्यम स्वामी ने पटियाला हाउस कोर्ट में एक याचिका दायर कर आरोप लगाया था कि, कांग्रेस के कुछ नेताओं ने धोखाधड़ी करते हुए नेशनल हेराल्ड अखबार के मालिकाना हक वाली कंपनी एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड का अधिग्रहण कर लिया है।
अधिग्रहण का आरोप यंग इंडियन प्राइवेट लिमिटेड पर लगा। स्वामी ने अपने अर्जी में यह भी आरोप लगाया था कि, इस अधिग्रहण के जरिए करीब 2000 करोड़ की कंपनी की संपत्ति को सिर्फ 50 लाख रुपए दे कर हड़प लिया गया और दिल्ली के बहादुर शाह जफर मार्ग स्थित नेशनल हेराल्ड अखबार के दफ्तर पर कब्जा कर लिया गया।
साल 2014 में ED ने दर्ज किया केस
ED ने इस मामले में साल 2014 में स्वत: संज्ञान लेते हुए मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया। वहीं ED ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी, मोतीलाल वोरा, ऑस्कर फर्नांडीज, सैम पित्रोदा और सुमन दुबे को आरोपी बनाया। वहीं इस मामले में ED देशभर में छापेमारी भी कर चुकी है। वहीं राहुल गांधी और सोनिया गांधी से पूछताछ भी कर चुकी है।
ये भी पढ़ें National Herald case क्या है? जिसमें सोनिया गांधी, राहुल गांधी और सैम पित्रोदा की बढ़ी मुसीबत












Click it and Unblock the Notifications