क्या है कर्नाटक का वो दांव? जिसे आखिरी मौके पर प्रियंका गांधी ने चला
मध्य प्रदेश में कल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर प्रचार थम गया है। लेकिन इस चुनाव में प्रचार के आखिरी दिनों में बीजेपी और कांग्रेस एक दूसरे पर काफी आक्रामक नजर आए। पीएम मोदी जहां राहुल गांधी पर निशाना साधते नजर आए तो वहीं दूसरी ओऱ प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी पर जमकर हमला बोला।
प्रियंका गांधी द्वारा पीएम मोदी को लेकर हाल ही में दिए गए बयान से लोगों को कर्नाटक में हुई चुनाव प्रचार की याद आ गई। प्रियंका गांधी ने कर्नाटक वाला दांव एक बार फिर से मध्य प्रदेश में चल दिया है।

आपको बता दें कि कर्नाटक में चुनाव प्रचार के दौरान पीएम मोदी ने बिदर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा था कि, कांग्रेस के लोगों ने मुझे 91 बार गाली दी है। इन गालियों के शब्दकोष में टाइम खराब करने की बजाए अगर कांग्रेस ने इतनी मेहनत गुड गवर्नेंस में की होती तो इनकी इतनी दयनीय स्थिति नहीं होती।
पीएम मोदी के इस बयान पर प्रियंका गांधी ने आक्रमक पलटवार किया था। प्रियंका ने कहा था कि, मोदी जी को मेरे भाई से सीखना चाहिए। मेरा भाई कहता है कि मैं देश के लिए गाली क्या, गोली भी खाने को तैयार हूं। PM लिस्ट बनवाते हैं कि उन्हें 91 बार गालियां दी गईं। इन लोगों ने मेरे परिवार को जितनी गालियां दीं, इसकी लिस्ट बनवाएं तो पूरी किताब छपवानी पड़ेगी।
प्रियंका ने कहा- किसी ने प्रधानमंत्री जी के ऑफिस में बैठकर एक लिस्ट बनाई है। वो लिस्ट जनता या किसानों की समस्याओं की नहीं है। इस लिस्ट में ये जानकारी है कि मोदी जी को किसने और कितनी बार गाली दी है। मैंने पहला ऐसा PM देखा है, जो जनता के सामने आकर रोता है कि मुझे गाली दे रहे हैं। PM जनता का दुख सुनने के बजाय अपना दुखड़ा उनको सुनाते हैं। मोदी जी को हिम्मत रखनी चाहिए। ये सार्वजनिक जीवन है। सब सहना पड़ता है, हिम्मत रखनी पड़ती है, आगे बढ़ना पड़ता है। अगर आप लोगों की बात सुनेंगे तो बेहतर होगा।
अब एक बार फिर से मध्य प्रदेश में प्रियंका ने पीएम मोदी को निशाने पर लिया है। पीएम मोदी ने एक रैली में फिर से कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा था।दरअसल बैतूल की एक रैली में पीएम मोदी ने कहा था कि, पहले जो 2 गाली देते थे वो अब 20 गालियां देते हैं। जो पहले 5 गाली देते थे वो आज मोदी को 50 गाली दे रहे हैं। मैं यह गालियां आपके लिए खाता हूं। ये नफरत मैं आपके लिए झेलता हूं ताकि आपका सिर उठा कर जीएं। पीएम ने कहा था, 'ये मोदी को गालियां क्यों देते हैं? ये मोदी को नफरत क्यों करते हैं, ये मोदी को बदनाम क्यों करते हैं? क्योंकि मोदी ने इनलोगों के भ्रष्टाचार पर बड़े-बड़े घोटालों पर रोक लगा दी।
दतिया में पीएम मोदी के इस बयान पर प्रियंका ने कहा कि मोदी जी का तो कुछ पूछिए ही मत, वो देश के पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जो परमानेंट अपनी ही पीड़ा से परेशान रहते हैं। कर्नाटक गए थे गालियां गिनाई, मध्य प्रदेश आए तो गालियां गिनाई। प्रियंका ने कहा कि पीएम मोदी हमेशा रोते रहते हैं। इस दौरान उन्होंने सलमान की सुपरहिट फिल्म 'तेरे नाम' का जिक्र करते हुए कहा कि जैसे सलमान खान पूरी फिल्म में शुरू से लेकर आखिरी तक रोते रहते हैं, उसी तरह मोदी जी भी बस रोते ही रहते । उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि पीएम मोदी के ऊपर भी एक फिल्म बनाते हैं जिसका नाम रखेंगे 'मेरे नाम'।
चुनाव प्रचार के आखिरी दिन प्रियंका ने मोदी के उस बयान पर पलटवार कर कर्नाटक वाला दांव चला है। प्रियंका का ये बयान जमकर वायरल हुआ था, जिसके चलते पीएम मोदी का बयान अपना असर छोड़ने में नाकामयाब रहा। अब देखना ये है कि, प्रियंका द्वारा आखिरी समय में एक बार फिर से चला ये दांव कारगर साबित होता है या नहीं।












Click it and Unblock the Notifications