Aadhaar Card: मृत्यु के बाद आधार कार्ड का क्या होता है, जानें संसद में सरकार ने क्या दिया जवाब?
Aadhaar Card: एक सवाल यह है कि अगर व्यक्ति की मृत्यु हो जाती है तो सरकार उसके आधार नंबर का क्या करेगी, अब इस पर सरकार का जवाब जानिए।

Aadhaar Card After Death: जैसा कि हमलोग जानते हैं कि आधार कार्ड हमारे जीवन का एक ऐसा जरूरी हिस्सा बन गया है, जिसके बिना हमारे कई काम अधूरे हैं। चाहे इनकम टैक्स रिटर्न फाइल करने की बात हो, सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की बात हो या फिर कोरोना का टीका लगवाने की बात हो, हर जगह आधार की जरूरत पड़ती है। लेकिन इनसे जुड़े कुछ ऐसे सवाल हैं जिसे जानना लोगों के लिए बहुत जरूरी होता है। इनमें से ही एक सवाल यह है कि अगर व्यक्ति की मृत्यु हो जाती है तो सरकार उसके आधार नंबर का क्या करेगी, अब इस पर सरकार का जवाब जानिए।
मृत व्यक्ति के आधार को निष्क्रिय करने का कोई प्रावधान नहीं: सरकार
हम यहां बताएंगे कि अगर किसी व्यक्ति की मृत्यु हो जाती है तो उसके आधार कार्ड (Aadhaar Card) का क्या होता है? दरअसल, इस सवाल का जवाब इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने लोकसभा में दिया है। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति की मृत्यु के बाद उसका आधार कार्ड (Aadhaar Card) निष्क्रिय नहीं किया जाता है, क्योंकि ऐसा कोई प्रावधान नहीं है। हालांकि, उन्होंने लोकसभा को बताया कि जन्म और मृत्यु पंजीकरण अधिनियम, 1969 में संशोधन के मसौदे पर भारत के महापंजीयक ने यूआईडीएआई से सुझाव मांगे थे। ताकि मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करते समय मृतक का आधार लिया जा सके।
रजिस्ट्रार के साथ बनेगी नई व्यवस्था, ताकि आधार को निष्क्रिय किया जा सके
सरकार ने संसद में कहा कि वर्तमान में, जन्म और मृत्यु के रजिस्ट्रार जन्म और मृत्यु के आंकड़ों के संरक्षक हैं। आधार कार्ड (Aadhaar Card) को निष्क्रिय करने के लिए रजिस्ट्रार से मृतक व्यक्तियों की आधार संख्या प्राप्त करने के लिए वर्तमान में कोई तंत्र नहीं है। लेकिन इन संस्थाओं के बीच आधार संख्या साझा करने की रूपरेखा तैयार होने के बाद, रजिस्ट्रार इसे निष्क्रिय करने के लिए यूआईडीएआई के साथ मृतक की आधार संख्या साझा करना शुरू कर देगा। आधार को निष्क्रिय करने या इसे मृत्यु प्रमाण पत्र के साथ जोड़ने से आधार के मालिक की मृत्यु के बाद इसका दुरुपयोग होने से रोका जा सकेगा।












Click it and Unblock the Notifications