CM योगी के कंधे पर हाथ रखकर क्या कह रहे थे पीएम मोदी? राजनाथ सिंह ने किया खुलासा
नई दिल्ली, 25 नवंबर: पिछले दिनों सोशल मीडिया पर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के कंधे पर हाथ रखकर बात करते हुए पीएम मोदी की एक फोटो खूब वायरल हुई थी। इस फोटो में पीएम नरेंद्र मोदी ने योगी आदित्यनाथ के कंधे पर हाथ रखा हुआ है और ऐसा लग रहा है कि वे यूपी के सीएम को कुछ समझा रहे हैं। जिसके बाद लोगों ने इस फोटो को लेकर कई तरह के अंदाज लगाए थे। अब रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस फोटो को लेकर एक बड़ा खुलासा किया है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को सीतापुर में आयोजित बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में बताया कि कुछ दिन पहले सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपनी और प्रधानमंत्री मोदी की एक फोटो ट्वीट की थी, जिसमें पीएम उनके कंधे पर हाथ रख कर उन्हें कुछ बता रहे थे। उन्होंने कहा कि फोटो के वायरल होते ही लोग परेशान हो गए आखिर उन्होंने योगी जी के कान में क्या कहा था। राजनाथ सिंह ने बताया कि पीएम कहा कि योगी जी तेज तर्रार बैटिंग करो। पूरी मजबूती से खेलो। विजय निश्चित है। राजनाथ ने इसे लेकर एक ट्वीट भी किया है।

राजनाथ सिंह बोले- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुझे कहा था कि हमारे घोषणा पत्र में कोई ऐसी बात ना आ जाए जिसे हम पूरा ना कर पाएं। किसी पार्टी का कोई नेता इस तरह चिंता नहीं करता है। लोग कहते हैं कि घोषणा पत्र में जो भी डालना है डाल दो जनता की आंखों में धूल झोक कर सत्ता हासिल कर लो, लेकिन ऐसी सत्ता हम चिमटी से भी छूना नहीं चाहेंगे। हम जनता की आंखों में धूल झोक कर नहीं, जनता की आंखों में आंखें डालकर राजनीति करना चाहते हैं।
पीएम मोदी और सीएम योगी की तस्वीर जैसे ही सामने आई थी, इसके बाद कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने योगी आदित्यनाथ पर हमला बोला था। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ने तंज भरे लहजे में कहा था कि 'बेमन से कंधे पर रख हाथ, कुछ कदम संग चलना पड़ता है...। गौरतलब है कि आबादी के लिहाज से देश के सबसे बड़े राज्य यूपी में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव को आम चुनाव-2024 के पहले 'सेमीफाइनल' की तरह माना जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications