'अपने बॉस का पजामा', महुआ मोइत्रा का महिला आयोग की चीफ रेखा शर्मा पर वो बयान, जिसने दर्ज करवा दिया उनपर केस
Mahua Moitra Rekha Sharma News: तृणमूल कांग्रेस (TMC) की कृष्णानगर से सांसद महुआ मोइत्रा फिर से विवादों में आ गई हैं। 18वीं लोकसभा चुनाव जीतकर सांसद बनने के कुछ दिनों बाद ही महुआ मोइत्रा पर फिर से दिल्ली पुलिस ने एक केस दर्ज किया है। इस बार महुआ मोइत्रा पर राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) की अध्यक्ष रेखा शर्मा के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने के लिए FIR दर्ज की गई है।
दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस (IFSO) यूनिट ने रविवार (07 जुलाई) को महुआ मोइत्रा के खिलाफ NCW चीफ रेखा शर्मा के खिलाफ की गई टिप्पणी को लेकर एफआईआर दर्ज की। डीसीपी (पीआरओ) सुमन नलवा ने बताया कि महुआ मोइत्रा पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 79 के तहत मामला दर्ज किया गया है, जो महिला की शील भंग करने के इरादे से किए गए काम, हाव-भाव या हरकत से संबंधित है।

इससे पहले एनसीडब्ल्यू ने महुआ मोइत्रा की टिप्पणियों पर स्वत: संज्ञान लेते हुए उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी। इसके बाद से हर तरफ चर्चा हो रही है कि आखिर महुआ मोइत्रा ने रेखा शर्मा को लेकर ऐसा क्या कहा है कि, उनके खिलाफ केस दर्ज कर दिया गया है, आइए जानें क्या है पूरा मामला?
महुआ मोइत्रा ने महिला आयोग की चीफ रेखा शर्मा से क्या कहा?
असल में 3 जुलाई 2024 को महिला आयोग की चीफ रेखा शर्मा हाथरस भगदड़ पीड़ितों से मिलने पहुंची थीं। इस दौरान सोशल मीडिया पर रेखा शर्मा का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें रेखा शर्मा के पीछे चल रहा एक शख्स उनके लिए छाता पकड़े हुए दिखाई दे रहा है। इस वीडियो को कई लोगों ने सोशल मीडिया एक्स पर शेयर कर लिखा था कि, ''आखिर रेखा शर्मा ने, अपना छाता क्यों खुद नहीं पकड़ा है?''

एक महिला यूजर ने रेखा शर्मा का वीडियो शेयर कर लिखा था, ''रेखा शर्मा अपना छाता क्यों नहीं उठा सकतीं'' इस एक्स पोस्ट पर जवाब देते हुए महुआ मोइत्रा ने लिखा, ''वो (रेखा शर्मा) अपने बॉस का पजामा संभालने में बहुत व्यस्त हैं।'' महुआ मोइत्रा ने ये पोस्ट 4 जुलाई को किया था।
हालांकि विवाद बढ़ने के बाद महुआ मोइत्रा ने अपना सोशल मीडिया एक्स पोस्ट हटा दिया था। लेकिन उनके पोस्ट का स्क्रीनशॉट वायरल हो गया है।

महिला आयोग ने महुआ मोइत्रा के पोस्ट पर क्या कहा?
महुआ मोइत्रा के इस पोस्ट के वायरल होने के बाद महिला आयोग ने शुक्रवार 5 जुलाई को दिल्ली पुलिस से महुआ मोइत्रा की शिकायत की थी। इसके बाद इस मामले में उनके खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
महिला आयोग ने एक्स में कहा, "महुआ मोइत्रा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जानी चाहिए और 3 दिनों के भीतर आयोग को एक विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट भेजी जानी चाहिए। मोइत्रा द्वारा की गई अभद्र टिप्पणी बेहद अपमानजनक है और महिलाओं के सम्मान के साथ जीने के अधिकार का सरासर उल्लंघन है।''
इस मामले पर महिला आयोग की ओर से दिल्ली पुलिस और लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को एक औपचारिक खत भी लिखा जा चुका है। खत में महुआ मोइत्रा के खिलाफ एक्शन लेने की मांग की गई है।
महिला आयोग को महुआ मोइत्रा ने क्या दिया था जवाब?
महिला आयोग की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए महुआ मोइत्रा ने लिखा, "दिल्ली पुलिस आप जल्द से जल्द इस आदेश के लिए मेरे खिलाफ एक्शन लीजिए। मैं नादिया में हूं, अगर आपको अगले 3 दिनों में मेरी जरूरत पड़े तो मैं तुरंत गिरफ्तारी के लिए आऊंगी। मैं अपना छाता खुद ही थाम सकती हूं।''












Click it and Unblock the Notifications