'इतनी तो मर्यादा रखनी चाहिए कि...', रमेश बिधूड़ी को चुनाव प्रभारी बनाए जाने पर दानिश अली ने क्या-क्या कहा?
BSP MP Danish Ali on Ramesh Bidhuri: बहुजन समाज पार्टी के सांसद दानिश अली के साथ लोकसभा में अभद्र भाषा इस्तेमाल करने वाले भाजपा सांसद रमेश बिधूड़ी एक बार फिर खबरों में हैं। दरअसल भाजपा ने रमेश बिधूड़ी को राजस्थान के टोंक जिले का प्रभारी बनाया है, जिसे लेकर विपक्ष हमलावर है।
विपक्ष का कहना है कि देश की संसद के भीतर अभद्र भाषा बोलने वाले सांसद को भाजपा ने एक तरह से ईनाम दिया है। वहीं, इस मुददे पर अब दानिश अली का रिएक्शन भी सामने आया है। दानिश अली ने कहा कि भाजपा के इस कदम से उसका चेहरा देश के सामने बेनकाब हो गया है।

गुरुवार को इस मामले पर मीडिया से बात करते हुए दानिश अली ने कहा, 'इतनी मर्यादा तो भारतीय जनता पार्टी को रखनी ही चाहिए थी। अपने आप को दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी कहने वाली भाजपा या तो उस कारण बताओ नोटिस के जवाब को सार्वजनिक करे या फिर सीधा कहे कि हम हेट स्पीच देने वालों को सम्मानित करते हैं, उन्हें बढ़ावा देते हैं। आपके लोग नफरत फैलाने का जो काम सड़क पर करते हैं, वही काम देश के लोकतंत्र के मंदिर के अंदर हुआ, सदन के पटल पर हुआ और आप उसी को ईनाम दे रहे हैं।'
'भाजपा का चाल, चरित्र और चेहरा एक्सपोज हो गया'
दानिश अली ने आगे कहा, 'इससे भाजपा का चाल, चरित्र और चेहरा, जिसे लेकर वो बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, वो एक्सपोज हो गया है। अगर भाजपा को लगता है कि इस तरह के लोगों को बढ़ावा देकर वो बहुसंख्यक आबादी का वोट हासिल कर लेंगे, तो ये उनकी गलतफहमी है। देश का आम आदमी इस तरह की भाषा को बिल्कुल स्वीकार नहीं करेगा और आने वाले समय में भाजपा को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। भाजपा को लगता होगा कि इससे उन्हें फायदा होगा, लेकिन देश का आम नागरिक इन सब बातों से सतर्क है।'
क्या था लोकसभा का मामला?
आपको बता दें कि बीते गुरुवार को लोकसभा में चंद्रयान 3 को लेकर चल रही चर्चा के दौरान बीच में टोके जाने से नाराज रमेश बिधूड़ी ने दानिश अली को अपशब्द कहे थे। इस मामले पर जहां विपक्ष ने आपत्ति उठाई, तो वहीं लोकसभा स्पीकर ने भी रमेश बिधूड़ी को ऐसे व्यवहार के प्रति चेतावनी दी। इसके बाद भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रमेश बिधूड़ी को कारण बताओ नोटिस जारी किया। हालांकि बुधवार को जब भाजपा ने रमेश बिधूड़ी को टोंक जिले का प्रभारी बनाया तो विपक्ष ने एक बार फिर भगवा पार्टी को निशाने पर ले लिया।












Click it and Unblock the Notifications